देश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच आज: पुजारा बने उपकप्तान, उनादकट नही पहुंच पाए बांग्लादेश, जानिए मौसम का हाल?

भारत और बांग्लादेश के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच 14 दिसंबर से जहुर अहमद चौधरी स्टेडियम चटगांव में खेला जाएगा, यह मैच भारतीय समयनुसार सुबह 9 बजे शुरू होगा…

नईदिल्ली (ए)। भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच में आज 14 दिसंबर, बुधवार से खेला जाएगा। यह मैच जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम, चट्टोग्राम में खेला जाएगा. पहले मैच में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में होगी. रोहित शर्मा वनडे सीरीज़ के आखिरी मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे. उनकी जगह अभिमन्यू ईश्वरन को पहले टेस्ट मैच की टीम में शामिल किया गया है. वहीं केएल राहुल दूसरी बार भारतीय टीम की कमान संभालने जा रहे हैं।

केएल राहुल ने अभी तक सिर्फ एक बार भारतीय टीम की कप्तानी की है, जिसमें टीम को 7 विकटों से हार झेलनी पड़ी थी. इस साल की शुरुआत में अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में राहुल ने पहली बार टेस्ट टीम की कमान सौंपी थी. बतौर कप्तान उन्हें पहले ही मैच में हार झेलनी पड़ी थी. ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जाने वाला पहला टेस्ट मैच भारतीय टीम के लिए मुश्किल बन सकता है.

टेस्ट क्रिकेट में अच्छा नहीं रहा 2022: इस साल केएल राहुल ने अब तक सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले हैं. इन मैचों की चार पारियों में उन्होंने महज़ 20 के औसत से 80 रन बनाए हैं. इसमें एक अर्धशतक शामिल रहा है. ऐसे में बतौर कप्तान और बल्लेबाज़ राहुल पर निगाहें टिकी रहेंगी. बता दें कि उन्होंने भारतीय टीम के लिए कुल 43 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35.37 की औसत से 2547 रन बनाए हैं. इसमें उनके बल्ले से 7 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के साथ 12 साल बाद भारत की टेस्ट टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को झटका लगा है. दरअसल उनादकट को अब तक बांग्लादेश जाने के लिए वीजा नहीं मिल पाया है और अब इसके कारण उनका पहला टेस्ट मिस करना लगभग तय माना जा रहा है. पीटीआई के मुताबिक, अब तक उनादकट को वीजा नहीं मिला है और इसी कारण वह अब तक बांग्लादेश नहीं जा सके हैं।

चेतेश्वर पुजारा होंगे टीम इंडिया के उप-कप्तान: बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चेतेश्वर पुजारा को उप-कप्तान बनाया गया है. चेतेश्वर पुजारा को उप-कप्तान बनाने पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने हैरानी जताई है. उन्होंने कहा कि यह हैरानी वाली बात है कि पुजारा को उप-कप्तान बनाया गया. पंत ने आखिरी बार उप कप्तान रहते हुए टेस्ट में शतक लगाया था. चयनकर्ता खिलाड़ियों के साथ सही व्यवहार नहीं कर रहे हैं. गौरतलब है कि पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा की जगह टीम में अभिमन्यू ईश्वरन को शामिल किया गया है. इसके अलावा टीम में यूपी के सौरभ कुमार, नवदीप सैनी और जयदेव उनादकट को मौका मिला है।

जहुर अहमद चौधरी स्टेडियम चटगांव में सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा. मौसम विभाग के मुताबिक, टेस्ट मैच के पहले दिन बारिश के आसार नहीं है. इसके अलावा मैच के दूसरे और तीसरे दिन यानि 15 दिसंबर और 16 दिसंबर को भी मौसम साफ रहेगा. हालांकि, पहले टेस्ट के चौथे और पांचवें दिन चटगांव में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश के आसार बेहद कम हैं. इस तरह भारत-बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट मैच के दौरान बारिश के विलेन बनने के आसार नहीं हैं. क्रिकेट फैंस के लिए यह अच्छी खबर है कि दोनों टीमों के बीच बिना किसी बाधा के टेस्ट मैच पूरा खेला जाएगा।

पहले टेस्ट के लिए ऐसी है भारतीय स्क्वाड: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), के एस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव,अभिमन्यु ईश्वरन, नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट. 

Related Articles

Back to top button