देश-दुनियाफीचर्ड

गृहमंत्री अमित शाह ने लॉन्च की भारत में बनी पहली HPV वैक्सीन, जानिए क्या होंगे इसके फायदे?

गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया की भारत में निर्मित पहली HPV वैक्सीन को लॉन्‍च किया, इस स्‍वदेशी वैक्‍सीन के जरिए लोग सर्वाइकल कैंसर से बच सकेंगे…

नईदिल्ली (ए)। देश को सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ पहली स्वदेशी वैक्सीन मिल गई है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित ह्यूमन पेपिलोमा वायरस की वैक्‍सीन को लॉन्‍च कर दिया है। 24 जनवरी बालिका दिवस के मौके पर अमित शाह ने कहा कि यह वैक्‍सीन सर्वाइकल कैंसर से लोगों का बचाव करेगी।

एचपीवी से बचाव के लिए लॉन्‍च हुई पहली वैक्‍सीन: बता दें कि एचपीवी वैक्‍सीन को बनाने में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के विशेषज्ञ कई महीनों से जुटे थे. लगभग 5 महीने पहले उनकी वैक्‍सीन ‘क्वाड्रिवेलेंट ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन के नाम से तैयार की गई थी. अब एचपीवी वैक्‍सीन को आधिकारिक तौर पर लॉन्‍च कर दिया गया है. भारत में बनी यह ऐसी पहली वैक्‍सीन है।

इस वैक्‍सीन से हो सकता है कैंसर से बचाव: इस स्‍वदेशी वैक्‍सीन के जरिए लोग सर्वाइकल कैंसर से बच सकेंगे. सर्वाइकल कैंसर विशेषकर महिलाओं के लिए ज्‍यादा घातक होता है. यह महिलाओं में सर्विक्स के सेल्स (कोशिकाओं) को इफेक्‍ट करता है. सर्विक्स यूट्रस के निचला हिस्सा है, जो कि वजाइना से ही जुड़ा होता है. कैंसर इस हिस्‍से के सेल्स को इफेक्‍ट करता है।

यौन रोग है HPV, महिलाओं को होता है खतरा: एक्‍सपर्ट्स के मुताबिक, सर्वाइकल कैंसर के ज्‍यादातर मामले ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के अलग-अलग तरह की स्ट्रेन्स की वजह से होते हैं। HPV एक यौन रोग है, जो जननांग में मस्‍से के रूप में दिखता है. फिर धीरे-धीरे यह सर्वाइकल सेल्स को कैंसर सेल्स में बदल देता है. इसलिए, HPV की वैक्‍सीन को बालिका दिवस के मौके पर लॉन्‍च किया गया है।

कितने रुपये में मिल सकती है ये वैक्‍सीन? इस वैक्‍सीन की कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है. इसे मार्केट में उतारने की तैयारी की जा रही है. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा गया कि यह वैक्‍सीन सस्‍ती ही होगी और इसकी कीमत 200 से 400 रुपये के बीच होगी।

Related Articles

Back to top button