देश-दुनियाफीचर्ड

कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री को ASI ने सीने में मारी गोली: स्तिथि नाजुक, हाल जानने CM पहुंचे अस्पताल

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हुए हमले की निंदा की, उन्होंने कहा हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं…

भुवनेश्वर (ए)। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब कुमार दास पर जानलेवा हमला हुआ है. उनके ऊपर गोली चली है जिसमें वो घायल हो गए हैं. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. इसे लेकर अब मुख्यमंत्री कार्यलय से भी बयान सामने आया है. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर हमले की निंदा की है. साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है।

बता दें कि, नब दास को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर इलाके में दोपहर करीब 12.30 बजे हुई. उन्हें गोली मार दी गई. जानकारी के मुताबिक उनके सीने में गोली लगी है।

मामले से जुड़ी 10 बड़ी बातें: 1- जैसे ही मंत्री अपनी कार से उतरे और नवनिर्मित पार्टी कार्यालय की ओर जाने लगे सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) ने उनपर जानलेवा हमला कर दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके सीने पर तीन से चार गोलियां लगी हैं. नबा दास सीएम नवीन पटनायक के नेतृत्व वाले ओडिशा कैबिनेट में प्रमुख मंत्री हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वह बीजद पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे।

2- ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) ने  राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नव किशोर दास को गोली मार दी. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

3- एएसआई को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया गया है. उसके पास से बरामद हथियार जब्त कर उससे पूछताछ की जा रही है. सूत्रों ने कहा कि हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।

4- ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया कि स्थानीय लोगों ने आरोपी एएसआई (ASI) को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुट गई है।

5- घटना के बाद मंत्री दास के सीने से खून बहने लगा. स्थानीय लोग मंत्री को उठाकर कार की अगली सीट पर बैठाने की कोशिश करते दिखाई दिए।

6- मंत्री को पहले झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में ‘बेहतर इलाज’ के लिए उन्हें हवाई मार्ग से भुवनेश्वर के अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

7- दास पर हमले के बाद शहर में तनाव व्याप्त हो गया. मंत्री की समर्थकों ने उनकी ‘सुरक्षा में चूक’ पर सवाल उठाए.  कुछ समर्थकों ने आरोप लगाया कि दास को निशाना बनाने के लिए साजिश रची गई थी।

8- ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हुए हमले की निंदा की. उन्होंने कहा हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मंत्री नबा दास के स्वास्थ्य का जायजा लेने सीएम नवीन पटनायक अपोलो अस्पताल  भी पहुंच गए है।

9- मामले में क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है. जल्द से जल्द मामले की जांच पूरी कर ली जाएगी।

10-नाबा किशोर दास ओडिशा के झारसुखड़ा जिले के प्रभावशाली नेता हैं. वह पहले कांग्रेस में थे, वहां से नाबा दास बीजू जनता दल में शामिल हो गए थे. नवीन पटनायक ने उन्हें अपनी सरकार में स्वास्थ्य विभाग जैसा भारी-भरकम विभाग सौंपा है।

Related Articles

Back to top button