देश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने लगातार चौथी बार बॉर्डर- गावस्कर टेस्ट सीरीज पर किया कब्जा, ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद में खेला जा रहा टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है, इसी के साथ भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2-1 से जीत ली है…

अहमदाबाद (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला ड्रॉ रहा. अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में पूरे 5 दिन में महज 22 विकेट गिरे. ऐसे में 5वें दिन का खेल खत्म होने के एक घंटे पहले ही इस मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया. इसी के साथ भारतीय टीम ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2-1 से जीत ली है. यह लगातार चौथी बार है जब टीम इंडिया ने इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बनाए 480 रन
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के इस आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी. कंगारू टीम ने यहां उस्मान ख्वाजा (180) और कैमरून ग्रीन (114) के शतकों की बदौलत 480 रन का स्कोर खड़ा किया था. यहां स्टीव स्मिथ (38), ट्रेविस हेड (32), टोड मर्फी (41) और नाथन लायन (34) ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेली थी. भारत की ओर से इस पारी में आर अश्विन ने 6 विकेट चटकाए थे. यहां शामी को दो और जडेजा और अक्षर को 1-1 विकेट मिला था।

टीम इंडिया को मिली थी 91 रन की लीड
ऑस्ट्रेलिया के इस बड़े स्कोर का जवाब भारतीय बल्लेबाजों ने भी बखूबी दिया. शुभमन गिल (128) और विराट कोहली (186) ने शतक जड़े. अक्षर पटेल (79), एसके भरत (44), चेतेश्वर पुजारा (42) और रोहित शर्मा (35) ने अहम पारियां खेलीं. भारतीय बल्लेबाजों ने 571 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और पहली पारी के आधार पर 91 रन की लीड ली. यहां ऑस्ट्रेलियाई स्पिन जोड़ी नाथन लायन और टोड मर्फी को 3-3 विकेट मिले. स्टार्क और कह्नेमन को भी 1-1 विकेट हासिल हुआ।

आखिरी दिन गिरे केवल 2 विकेट
मैच के आखिरी दिन भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के 10 विकेट झटकने की जरूरत थी लेकिन कंगारू बल्लेबाज पिच पर चिपके रहे और केवल दो विकेट खोए. ऑस्ट्रेलिया का स्कोर जब 2 विकेट पर 175 रन था, तभी अंपायर ने मैच ड्रॉ घोषित कर दिया।

भारत ने 2-1 से जीती सीरीज
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के शुरुआती दोनों मुकाबले भारतीय टीम ने जीते थे. नागपुर टेस्ट जहां भारत ने एकतरफा अंदाज में जीता था, वहीं दिल्ली में उसे 6 विकेट से जीत मिली थी. हालांकि इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम को 9 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. भारतीय टीम को यह सीरीज जीतने के लिए मैच को ड्रॉ कराने की जरूरत थी और इसी लिहाज से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच तैयार कराई गई. इस तरह भारत ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

नागपुर टेस्ट : सीरीज का पहला मैच नागपुर में खेला गया. भारत ने इसमें बड़ी जीत दर्ज करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पारी और 132 रनों से हराया. इस मैच में भारत की जीत का पूरा क्रेडिट गेंदबाजों को जाता है. ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 177 रन और दूसरी पारी में महज 91 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हुई. रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी थी. इसमें रविचंद्रन अश्विन का भी अहम योगदान रहा. उन्होंने 3 विकेट झटके. दूसरी पारी में अश्विन ने 5 विकेट लिए. शमी-जडेजा ने 2-2 विकेट लिए।

दिल्ली टेस्ट : दिल्ली टेस्ट में भारत की जीत के पीछे मोहम्मद शमी, जडेजा और अश्विन की अहम भूमिका रही. ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 263 रन बनाकर ऑल आउट हुई. इस दौरान शमी ने 4 विकेट लिए और अश्विन-जडेजा को 3-3 विकेट मिले. भारत ने पहली पारी में 262 रन बनाए. अक्षर पटेल ने टीम के लिए 74 रनों का योगदान रहा. इस जीत में उनका अहम योगदान रहा. ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी पारी में 113 रन बनाकर ऑल आउट हुई. जडेजा ने 7 विकेट लेकर कंगारू टीम के पसीने छुड़ा दिए. भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 118 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया।

इंदौर टेस्ट : ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट से सीरीज में वापसी की. उसने 9 विकेट से मैच जीता.भारतीय टीम पहली पारी में 109 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हुई. टीम इंडिया कोई भी बल्लेबाज नहीं चला. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 197 रन बनाए. इस दौरान जडेजा ने 4 विकेट लिए. जबकि उमेश और अश्विन को 3-3 विकेट मिले. भारतीय टीम दूसरी पारी में 163 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हुई. पुजारा ने अर्धशतक लगाया. लेकिन वह काम नहीं आया. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान के साथ मैच जीत लिया।

अहमदाबाद टेस्ट : भारतीय टीम ने अहमदाबाद टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया को मुंहतोड़ जवाब दिया. इस मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन रहा. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए. इस दौरान ख्वाजा और ग्रीन ने शतक लगाए. इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में 571 रन बनाकर बढ़त हासिल कर ली. कोहली ने 186 रनों की शानदार पारी खेली. जबकि शुभमन ने 128 रन बनाए. मुकाबले के आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट के नुकसान के साथ दूसरी पारी में 175 रन बनाए. इस तरह मैच ड्रॉ हो गया।

Related Articles

Back to top button