दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दुर्ग जिला का पहला रीपा सांकरा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा हुआ लोकार्पित, 400 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के पहले रीपा का लोकार्पण सांकरा में किया। सांकरा रीपा के माध्यम से 400 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा तथा इसमें लगभग 15 करोड़ रुपये की मशीनरी लगाई गई है। सांकरा में हर्बल गुलाल की एक यूनिट पहले ही चल रही थी जिसमें 90 लोग कार्यरत हैं। आज यहां 330 लोगों की नई यूनिट आरंभ की गई।

इसमें 4 शेड बनाए गए हैं जिसमें रंगोली, समरानी कप, हवन समिधा, होली रंग, हर्बल गुलाल आदि का निर्माण होगा। कार्यक्रम में संभागायुक्त महादेव कांवरे भी मौजूद रहे। उन्होंने यहां उद्यमियों और कार्यरत लोगों से चर्चा की और उनकी इस पहल के लिए उनकी प्रशंसा की।

इस संबंध में अपने संबोधन में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि रंगोली निर्माण में लगभग 150 महिलाओं को रोजगार मिलेगा, समरानी कप निर्माण में 40 लोगों को तथा हवन समिधा के निर्माण में भी 40 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा 60 लोग हर्बल गुलाल के निर्माण कार्य में लगाए जाएंगे। इस स्टाफ के ऊपर वार्षिक लगभग सवा दो करोड़ रुपए वेतन में खर्च होंगे तथा लाभ से इंसेंटिव भी इन्हें दिया जाएगा। इस बात का अनुमान है कि लगभग 20 लाख रुपये का वार्षिक इंसेंटिव इन्हें मिल जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इन यूनिट्स में 10 करोड़ रुपये की मशीनें लगाई गई है इससे पूर्व भी सांकरा में जो हर्बल गुलाल की यूनिट लगाई गई है उसमें 90 लोगों को रोजगार मिल रहा है और साल भर में 49 लाख रुपए का वेतन तथा लगभग साढ़े 4 लाख रुपये का इंसेंटिव यहां काम कर रही महिलाओं को मिला है।

कलेक्टर ने बताया कि रीपा के माध्यम से अब तक 14 इंडस्ट्रियल पार्क जिले में तैयार हो गए हैं इनमें 56 निवेशक 20 करोड़ रुपये से अधिक राशि का निवेश कर रहे हैं और इसके माध्यम से 2000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को रीपा से जोड़े जाने के लिए काउंसलिंग कराई जा रही है तथा उन्हें स्टार्टअप के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रीपा में उन्हें अधोसंरचना मिल जाएगी। साथ ही बैंक लिंकेज आदि के लिए भी कार्य किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन ने रीपा में चल रही गतिविधियों के संबंध में विस्तार से बताया।

जिला मंडी बोर्ड के अध्यक्ष अश्विनी साहू ने मुख्यमंत्री की अभिनव पहल के लिए उनके प्रति आभार जताया। जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू ने भी अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा भी मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन ने किया। कार्यक्रम में पाटन एसडीएम विपुल गुप्ता, सीईओ मुकेश कोठारी, डिप्टी कलेक्टर लवकेश ध्रुव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button