दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भाजपा नेताओं द्वारा किसानों को धान तस्कर कहना मेहनतकश अन्नदाताओं का अपमान : राजेंद्र साहू

दुर्ग। भूपेश सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी को बढ़ाकर 20 क्विंटल करने का फैसला लेने से धान की तस्करी बढ़ने के भाजपा के बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा है कि रमन सरकार में मंत्री रहे अजय चंद्राकर के बयान से यह शीशे की तरह साफ हो गया है कि भाजपा किसानों की धुर विरोधी है। किसानों के फायदे के लिए भूपेश सरकार ने यह घोषणा की है, जिससे पूरे प्रदेश के किसान खुश हैं, लेकिन भाजपा नेता इससे खुश नहीं हैं।

राजेंद्र ने कहा कि प्रदेश के सभी इलाकों में भेंट-मुलाकात के दौरान और सार्वजनिक कार्यक्रमों में किसानों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी को बढ़ाकर 20 क्विंटल करने की मांग की जिसके बाद भूपेश सरकार ने किसानों के व्यापक हितों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण घोषणा की।

भाजपा की रमन सरकार किसानों से प्रति एकड़ 10 क्विंटल धान खरीदती थी। कांग्रेस के नेतृत्व में किसानों द्वारा आंदोलन करने के बाद 15 क्विंटल धान खरीदी शुरू की गई। बीते चार साल में भूपेश सरकार ने सिंचाई के काफी साधन बढ़ाए हैं। किसान वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खाद का उपयोग कर रहे हैं। इसके कारण धान का उत्पादन काफी बढ़ा है। उत्पादन बढ़ने के कारण ही किसानों ने प्रति एकड़ 20 क्विटंल धान खरीदी की मांग की है।

राजेंद्र ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 15 साल के भाजपा शासनकाल में वादे के अनुरूप न तो किसानों को धान का मूल्य 2100 रुपए की दर से दिया गया, न बोनस दिया गया। भूपेश सरकार द्वारा 2500 रुपए की दर से भुगतान करने के बाद अब किसानों को 20 क्विंटल खरीदी की बड़ी सौगात मिलने से भाजपा के प्रादेशिक नेता और कार्यकर्ता खुश नहीं हैं। अजय चंद्राकर के बयान से जगजाहिर हो गया है कि भाजपा किसानों का हित नहीं चाहती।

राजेंद्र ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अडानी और अंबानी को फायदा पहंचाने के लिए तीन काले कानून लाने का प्रयास किया था, जिसे किसानों के देशव्यापी विरोध के कारण वापस लेना पड़ा। इस घटनाक्रम से पूरे देश ने भाजपा का किसान विरोधी चेहरा देखा। किसान विरोधी नीतियों के चलते ही केंद्र सरकार ने डीजल, कीटनाशक दवाईयों और कृषि उपकरणों के दाम में बेतहाशा वृद्धि की। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ा।

अब प्रदेश स्तर पर भाजपा नेता अजय चंद्राकर के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा किसानों का भला नहीं चाहती। अंबानी और अडानी जैसे औद्योगिक और व्यापारिक घरानों को बढ़ावा देने वाली भाजपा से किसानों को सावधान रहने की जरूरत है। राजेंद्र ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 2640 रुपए की दर से धान खरीदी करने से प्रदेश के किसान समृद्ध, खुशहाल और आत्मनिर्भर हो रहे हैं। भाजपा नेताओं द्वारा मेहनतकश किसानों को तस्कर कहकर अपमान किया जा रहा है। समय आने पर छत्तीसगढ़ के किसान इस अपमान का भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button