छत्तीसगढ़फीचर्ड

भाजपा ने पूरे छत्तीसगढ़ में मनाई अंबेडकर जयंती, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- बाबा साहेब के संविधान से मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने अंबेडकर जयंती पर आयोजित समारोह को बिलासपुर में सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय लोकतंत्र को संविधान की ताकत दी है और इस ताकत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विश्व नेतृत्व करने वाला आत्मनिर्भर भारत, मजबूत भारत, विकसित भारत बना रहे हैं। वंचित वर्ग को सबल बनाने निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। देश बाबा साहेब के बताये रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा ने शुक्रवार को संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित कर उनका पुण्य स्मरण करते हुए अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने स्थापना दिवस के परिप्रेक्ष्य में भाजपा प्रति वर्ष सामाजिक समरसता न्याय पखवाड़ा का आयोजन कर विविध कार्यक्रम आयोजित करती है।

डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों की श्रृंखला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय को समाज से जोड़ने तथा सेवा और ज्ञान के परस्पर आदान प्रदान करने के उद्देश्य से निर्मित जी.जी. वी. श्रवण लाइन (जीएसएल) का शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय में विभिन्न संकाय में विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षार्थ प्रवेश सेवार्थ प्रस्थान को जीवन का मंत्र बनाने का आह्वान किया और कहा कि सामाजिक समरसता को जीवन में आत्मसात करके सभी के प्रति न्यायपूर्ण व्यवहार करना हमारे जीवन की सार्थकता है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बस्तर में अंबेडकर जयंती समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने सामाजिक समरसता को राष्ट्र की प्रगति का एकमेव आधार बताते हुए शोषितों- वंचितों की पीड़ा को अनुभव कर बताया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना ही भारत के नए स्वरूप की अवधारणा को साकार करेगा।

राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने अंबेडकर जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया एवं मरीजों को फल वितरित किया। डॉक्टर्स, नर्स, व सफ़ाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कोंडागांव के कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब के आदर्शों को भौतिक धरातल पर उतार रही है। भाजपा की मोदी सरकार ने वंचितों को उनका हक दिया है और आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व पूर्व सांसद विष्णुदेव साय अंबिकापुर के कार्यक्रम में शामिल हुए। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री व विधायक पुन्नूलाल मोहले ने बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बिल्हा विधानसभा के कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी उपस्थित रहे।

रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजीव अग्रवाल, लोकेश कावड़िया, चन्नी वर्मा, सुभाष तिवारी, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, रमेश ठाकुर, गोपी साहू, गोविंदा गुप्ता, अनूप खेलकर आदि मौजूद थे। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा व पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री किरण देव ने बीजापुर के कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद सुनील सोनी, प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा, जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, खूबचंद पारख राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में शरीक हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button