देश-दुनियाफीचर्ड

कर्नाटक विधानसभा चुनाव का परिणाम आज, भाजपा या कांग्रेस किसकी होगी जीत, क्या JDS बनेगी किंगमेकर?

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी. बीजेपी और कांग्रेस अपनी-अपनी जीत के दावे ठोक रही हैं तो जेडीएस को किंगमेकर बनने की उम्मीद है…

बेंगलुरु (ए)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आज यानी शनिवार 13 मई को सामने आ जाएंगे. चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार रिकॉर्ड मतदान (73.19 फीसदी) दर्ज हुआ है. मतदाताओं और तमाम पार्टी के नेताओं को अब नतीजों का बेसब्री से इंतजार है. मतगणना के लिए 36 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा चाक चौबंद की गई है. सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी. दोपहर तक कर्नाटक की तस्वीर साफ नजर आने लगेगी, उससे पहले तमाम राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं।

राजनीतिक पंडितों के विश्लेषण और ज्यादातर एग्जिट पोल के आंकड़ों में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है. 10 मई को मतदान के बाद जारी हुए एबीपी-न्यूज-सीवोटर एग्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस को 100-112, बीजेपी को 83-95, जेडीएस को 21-29 और अन्य को 2-6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है. इस लिहाज से पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की पार्टी जेडीएस ‘किंगमेकर’ होने की उम्मीद जता रही है।

शुक्रवार यानी मतगणना से एक दिन पहले सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति पर चर्चा की और निर्दलीय उम्मीदवारों से संपर्क साधने को लेकर मंथन किया. बेंगलुरु में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख डीके शिवकुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर समेत अन्य नेताओं के बीच गहन चर्चा हुई. खरगे ने कहा कि कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिल रहा है और परिणाम आने बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेताओं ने नवनिर्वाचित विधायकों को एकजुट रखने के तरीकों पर चर्चा की और स्पष्ट जनादेश न होने की स्थिति में निर्दलीय उम्मीदवारों से संपर्क साधने के बारे में भी विचार-विमर्श किया।

‘इस बार हम सतर्क रहेंगे’ कांग्रेस विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त की आशंका से जुड़े सवाल पर परमेश्वर ने मीडिया से कहा, ‘‘इस बार हम सतर्क रहेंगे.’’ कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने एक बार फिर दावा किया कि कांग्रेस 224 में से 141 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

येदियुरप्पा के आवास पर CM बोम्मई ने की पार्टी नेताओं से चर्चा इस बीच, बीजेपी खेमे में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के आवास पर मंत्रियों मुरुगेश निरानी, बैराथी बसवराज, पार्टी सांसद लहर सिंह सिरोया और एटी रामास्वामी समेत पार्टी के अन्य नेताओं के साथ चर्चा की. बोम्मई ने भरोसा जताया कि बीजेपी स्पष्ट बहुमत के साथ ‘जादुई आंकड़े’ को पार करेगी. उन्होंने कहा कि अब अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन की बातचीत का सवाल ही नहीं उठता।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने भी अपने नवनिर्वाचित विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति बनाई है. पार्टी निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ ही छोटे दलों के ऐसे उम्मीदवारों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, जिनके जीतने की संभावना है।

पूर्व PM एचडी देवगौड़ा ने साधा उम्मीदवारों से संपर्क वहीं, जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी की गैरमौजूदगी में पार्टी संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कथित तौर पर पार्टी के उन उम्मीदवारों से संपर्क किया है, जो जीत सकते हैं. देवगौड़ा ने ऐसे उम्मीदवारों को फोन किया और उन्हें पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति वफादार रहने को कहा है. कुमारस्वामी स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर में हैं और वह शनिवार सुबह कर्नाटक पहुंच सकते हैं।

कर्नाटक की इन VIP सीटों पर सबकी नजर कर्नाटक की शिगगांव, वरुणा, कनकपुरा, चन्नापटना, हुबली धारवाड़ सेंट्रल, चित्तपुर, शिकारीपुरिया, तीर्थहल्ली, चिकमंगलूर और शिवमोगा विधानसभा सीटों पर सबकी नजर है. इन सीटों से वीआईपी उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

शिगगांव से मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, वरुणा से पूर्व सीएम सिद्धारमैया, कनकपुरा से कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, चन्नापटना से पूर्व सीएम और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी, हुबली धारवाड़ सेंट्रल से पूर्व सीएम और बीजेपी से कांग्रेस में गए जगदीश शेट्टार, चित्तपुर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियंक खरगे, शिकारीपुरिया से पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र, तीर्थहल्ली से कर्नाटक के गृह मंत्री आरागा ज्ञानेंद्र, चिकमंगलूर से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि और शिवमोगा से चन्नाबसप्पा चुनावी मैदान में हैं. शिवमोगा सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा पांच बार विधायक रहे हैं. उम्मीद की जा रही थी कि बीजेपी उनके बेटे केई कांतेश को टिकट देगी लेकिन पार्टी ने चन्नाबसप्पा को मैदान में उतारा।

इन तीन सीटों से भी लड़ रहे हाई प्रोफाइल नेता इसके अलावा तीन और सीटों पर सबकी नजर रहेगी. इनमें अथणी, सिरसी और होलेनरसीपुर शामिल हैं. हाल में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सावदी अथणी से चुनाव लड़ रहे हैं. सिरसी से कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी मैदान में हैं तो होलेनरसीपुर से पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के बड़े बेटे एचडी रेवन्ना किस्मत आजमा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button