खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भारत किसी को निराश नहीं करता, 21वीं सदी के भारत में आपके लिए अवसर ही अवसर हैं: पीएम मोदी

पीएम मोदी शुक्रवार को गांधीनगर में सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन-2023 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे…

गांधीनगर (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। देश पर निवेशकों को भरोसा इसलिए है कि यहां स्थिर, जिम्मेदार व सुधार की दिशा में काम करने वाली सरकार है। विश्व के चिप निर्माताओं को निवेश का न्योता देते हुए पीएम मोदी ने कहा, भारत भरोसेमंद साथी है। यहां सेमीकंडक्टर क्रांति की शुरुआत हो रही है। कई भारतीय व विदेशी कंपनियां और स्टार्टअप क्रांति का हिस्सा बन रहे हैं।

पीएम मोदी शुक्रवार को गांधीनगर में सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन-2023 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, वैश्विक महामारी कोरोना व रूस-यूक्रेन युद्ध के असर से उबर रहे विश्व को भरोसेमंद चिप आपूर्ति चेन की जरूरत है। सबसे बड़े लोकतंत्र भारत से बेहतर भरोसेमंद साथी भला कौन हो सकता है? यहां हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का तेज विकास हो रहा है। प्रतिभाओं का भंडार, कुशल इंजीनियर और डिजाइनरों की ताकत है। हम मेक-इन-इंडिया की बात करते हैं, तो इसमें यह भी शामिल है कि भारत के साथ दुनिया के लिए भी विनिर्माण करें।

पीएम ने कहा, दुनिया चौथी औद्योगिक क्रांति की साक्षी बन रही है। जब भी दुनिया इस अवस्था से गुजरी है, तब उसका आधार किसी न किसी क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाएं रही हैं। भारतीय आकांक्षाएं विकास को गति दे रही हैं। देश में भीषण गरीबी तेजी से खत्म हो रही है। बढ़ता नव-मध्य वर्ग आकांक्षाओं का पावरहाउस बन गया है। भारत में डिजिटल क्षेत्र, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा, आपने भारत की आकांक्षाओं व सामर्थ्य के साथ अपने भविष्य को जोड़ा है। भारत किसी को निराश नहीं करता। 21वीं सदी के भारत में आपके लिए अवसर ही अवसर हैं। भारत का लोकतंत्र, जनसांख्यिकी और लाभांश, आपके कारोबार को दोगुना-तिगुना करने वाला है। 

आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा, कई क्षेत्र के लिए सेमीकंडक्टर बेहद जरूरी है। चाहे कार हो, रॉकेट हो, घर में लगा टीवी या कंप्यूटर हो, हर जगह सेमीकंडक्टर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है। वाॅशिंग मशीन व एसी जैसे घरेलू उपकरणों में भी सेमीकंडक्टर की जरूरत होती है। भारत इस मामले में लगभग पूरी तरह आयात पर निर्भर है। यही कारण है कि केंद्र सरकार इस क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button