खास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

छत्तीसगढ़ व पाटन को कलंकित करने वाले मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ को मुक्ति दिलाएंगे : सांसद विजय बघेल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद विजय बघेल ने कहा है कि धोखेबाज, फरेबी, झूठ बोलने वाले, शराब की नदियाँ बहाने वाले, घपले-घोटाले करके भ्रष्टाचार की हदें पार करने वाले, छत्तीसगढ़ और पाटन की धरती को कलंकित करने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से छत्तीसगढ़ की जनता को मुक्ति दिलानी है। श्री बघेल ने पाटन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से स्वयं को भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कहा कि जनता ने हर हमेशा उन्हें (सांसद श्री बघेल को) बहुत आशीर्वाद दिया है और आज भी उन्हें भाजपा, भाजपा के शीर्ष और प्रादेशिक नेतृत्व ने पाटन की जनता और वहाँ कार्यकर्ताओं के प्रेम और स्नेह की बदौलत पाटन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकित किया है, उसके लिए वे पार्टी के राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेतृत्व के आभारी हैं।

भाजपा सांसद श्री बघेल ने पाटन क्षेत्र की जनता व कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री बघेल और स्वयं को पुराने प्रतिद्वंद्वी बताया और कहा कि भाजपा ने जो अवसर दिया है तो अब मुख्यमंत्री के तौर पर भूपेश बघेल के साथ चुनावी दंगल में और अधिक आनंद आएगा। हमारा यह दृढ़ विश्वास है कि पाटन विधानसभा क्षेत्र तथा छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा यकीनन जीतेगी।

भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री बघेल की टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए सांसद श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल के अंदर की पीड़ा सहज ही समझी जा सकती है। मुख्यमंत्री की यह पीड़ा उनसे (सांसद श्री बघेल से) बेहतर कोई नहीं जानता। ऊपर चेहरे से मुख्यमंत्री भले ही दिखावा कर रहे हों, लेकिन उनके अंदर क्या बीत रही है, यह वह (सांसद बघेल) और पाटन की जनता समझ सकती है कि मुख्यमंत्री के मन में कितना डर समा गया है! यह डर बहुत जल्दी समाप्त होगा और मुख्यमंत्री जमीन पर आएंगे।

भाजपा सांसद व पाटन से घोषित भाजपा प्रत्याशी श्री बघेल ने पाटन विधानसभा से अपनी जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि पाटन की जनता ने मुख्यमंत्री को पाँच-पाँच बार विधायक बनाकर इस लायक बनाया कि वे मुख्यमंत्री बने। लेकिन, आज पाटन की जनता अफसोस कर रही है, अपने आपके ऐसा महसूस कर रहे हैं कि हम ही हैं जो इस जैसे मुख्यमंत्री को बार-बार विधायक बनाकर भेजते रहे, और आज वे मुख्यमंत्री हैं फिर भी उन्होंने पाटन क्षेत्र को कलंकित कर दिया है।

भाजपा सांसद श्री बघेल ने कहा कि पाटन स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों की पवित्र धरती है, और उसे अपनी सरकार के भ्रष्टाचार से मुख्यमंत्री ने कलंकित कर रखा है। हत्या-बलात्कार और बढ़ते अपराध ने पाटन क्षेत्र की दुर्गति कर दी है। ‘सब ले बढ़िया छत्तीसगढ़िया’ इस भाव से सम्मानित करने वाले हम लोग स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button