खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

दिवाली पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या की तस्वीरें शेयर कर लिखा- अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव को “अद्भुत, दिव्य और अविस्मरणीय” बताया और समारोह की कुछ तस्वीरें साझा कीं…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव को “अद्भुत, दिव्य और अविस्मरणीय” बताया और समारोह की कुछ तस्वीरें साझा कीं। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर कहा कि पूरा देश अयोध्या में जलाए गए लाखों दीयों से रोशन हो गया है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय! लाखों दीयों से जगमग अयोध्या नगरी के भव्य दीपोत्सव से सारा देश प्रकाशमान हो रहा है। इससे निकलने वाली ऊर्जा पूरे भारत में नए उत्साह का संचार कर रही है. मेरी कामना है कि भगवान श्री राम सभी देशवासियों का कल्याण करें और मेरे परिवार के सभी सदस्यों के लिए प्रेरणा बनें. जय सिया राम।’

वहीं, हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में पीएम मोदी ने जवानों के साथ दिवाली का उत्सव मनाया। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा है ‘बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लेप्चा आया हूं’। लेप्चा में पीएम नरेंद्र मोदी ने जवानों के साथ तिरंगा फहराया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि जवानों के साथ दिवाली मनाना गर्व से भरा अनुभव है। जवान अपने समर्पण से हमारा जीवन रोशन करते हैं। देश जवानों का कृतज्ञ और ऋृणी है। भारतीय सेनाओं और सुरक्षा बल के पराक्रम का उद्घोष और यह ऐतिहासिक धरती और दीपावली का त्योहार यह अद्भुत संयोग है। यह अवसर मेरे लिए भी और देशवासियों के लिए भी जोश से भर देने वाला है। पर्व वहीं होता है जहां परिवार होता है। पर्व के दिन अपने परिवार से दूर सीमा पर तैनात रहना, यह अपने आप में कर्तव्यनिष्ठा की पराकाष्ठा है।

पीएम मोदी ने जवानों को मिठाई खिलाकर दिवाली का उत्सव मनाया। उन्होंने कहा कि आप सभी उत्साह से भरे हैं क्योंकि आप जानते हैं कि 140 करोड़ देशवासियों का ये बड़ा परिवार भी आपका अपना ही है। देश इसलिए आपका कृतज्ञ और ऋृणी है। इसलिए दीपावली पर हर घर में एक दीया आपकी सलामती के लिए भी जलता है। इसलिए हर पूजा में एक प्रार्थना आप जैसे वीरों के लिए होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button