खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

चक्रवाती तूफान का दिखने लगा असर: चक्रवात के चलते कई राज्यों में अलर्ट, 144 ट्रेनें रद्द, पीएम मोदी ने आंध्र के सीएम से की बात

चक्रवाती तूफान इस समय बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर है और इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, और तेज होने और सोमवार पूर्वाह्न तक दक्षिण आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों से होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है…

कोलकाता (ए)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवात मिचौंग और खतरनाक हो गया है। इसके मंगलवार पूर्वाह्न में 100 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने आंध्र, तमिलनाडु, केरल और ओडिशा के लिए चेतावनी जारी की है। समुद्र तटों से होकर गुजरने वाली 144 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से बात की है और केंद्र की तरह से हर मदद देने का भरोसा दिया है। मिचौंग के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के बड़े इलाके में भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

चक्रवाती तूफान इस समय बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर है और इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, और तेज होने और सोमवार पूर्वाह्न तक दक्षिण आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों से होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद, यह उत्तर की ओर लगभग समानांतर और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के करीब बढ़ेगा और गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मंगलवार दोपहर से पहले तट से टकराएगा। इसको लेकर पीएम मोदी ने सीएम रेड्डी से बातचीत में चक्रवात से निपटने की तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने शीर्ष अधिकारियों को राज्य को हर संभव मदद सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कई जिलों में बादल छाएं हुए।

तमिलनाडु, ओडिशा में भारी बारिश
चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु के साथ ही ओडिशा के कई इलाकों में रविवार से ही बारिश शुरू हो गई है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय केंद्र ने कहा कि चक्रवात के प्रभाव से मल्कानगिरी, कोरापट, रायगडा, गजपति, गंजम जिलों में भारी बारिश हो रही है। ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में 4-6 दिसंबर के बीच भी भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कई इलाकों में बारिश को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान उत्तरी तमिलनाडु के साथ ही आंध्र प्रदेश के तटवर्ती क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

कमजोर इमारतों के लिए खतरा
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के तटवर्ती इलाकों में चक्रवात से झोपड़ियों और कमजोर इमारतों और अन्य ढांचों को नुकसान होने की आशंका जताई है। हवा की गति तेज होने से पेड़ों की शाखाएं टूटने और छोटे और मध्यम आकार के पेड़ों के उखड़ने का खतरा भी है। इससे बिजली और संचार लाइनों को मामूली क्षति, भारी बारिश के कारण कच्ची सड़कों को बड़ी क्षति और पक्की सड़कों को मामूली क्षति होने की भी आशंका है।

7 तक ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
मिचौंग चक्रवात के मद्देनजर रेलवे ने भारी बारिश और तूफान से प्रभावित होने की आशंका वाले तटीय इलाकों से गुजरने वाली 144 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे के अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे संबंधित ट्रेनों की उपलब्धता की जांच करने के बाद ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रद्द की गई 144 ट्रेनें 3 दिसंबर से 7 दिसंबर तक चलने वाली थीं। इन ट्रेनों का ब्योरा सभी रेलवे स्टेशनों और रेलवे वेब पोर्टल पर उपलब्ध है। रद्द की गई ट्रेनों में तमिलनाडु से गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।

रेलवे की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, वे पूर्वी तटीय रेलवे, दक्षिणी रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के 12 जोनल रेलवे के मार्गों को कवर करती हैं।

गुजरात में बेमौसम बरसात
गुजरात के भरूच जिले में भी रविवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। इससे सड़कों पर पानी भर गया है और कई इलाकों में संचार व्यवस्था ठप हो गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोगों को आने जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आंध्र प्रदेश और उसके निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु के तटवर्ती इलाकों के लिए चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें भारी बारिश के साथ ही तेज हवा चलने का अंदेशा जताया है। मछुआरों से समुद्र में नहीं जाने  की सलाह भी दी है। तमिलनाडु में चेन्नई, कुड्डालोर और एन्नोर बंदरगाह पर लोगों को सजग रहने के लिए संकेतक लगा दिए गए हैं।

एनडीआरएफ ने 15 लोगों को बचाया 
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों ने गंभीर जलजमाव के कारण तंबरम क्षेत्र से लगभग 15 लोगों को बचाया। चेन्नई जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है।

तांबरम क्षेत्र में पीरकनकरनई और पेरुंगलाथुर इलाकों के पास जलभराव और बिजली कटौती के बीच लोगों को बचाया गया। चक्रवात ‘माइचौंग’ के तट के करीब पहुंचने पर चेन्नई के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई।
इससे पहले, रविवार को, 100 से अधिक सदस्यों की एक राज्य आपदा प्रतिक्रिया टीम कांचीपुरम जिले में पहुंची, क्योंकि राज्य ने चक्रवात मिचौंग के आने से उत्पन्न होने वाले सभी संभावित खतरों और आकस्मिकताओं से निपटने के लिए कमर कस ली, जिसके 5 दिसंबर को आंध्र के तटीय इलाकों में पहुंचने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात के 4 दिसंबर के आसपास उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों को पार करने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button