छत्तीसगढ़फीचर्ड

छत्तीसगढ़ में किस फॉर्मूले के तहत चुना जाएगा नया मुख्यमंत्री? प्रदेश प्रभारी ने दी जानकारी

छत्तीसगढ़ में बीजेपी विधायक दल का नेता चुनने के लिए 54 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होनी है. इस बैठक के बाद इस पर संशय खत्म होने की संभावना है कि नया मुख्यमंत्री कौन होगा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने शनिवार को विश्वास जताया कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा. राज्य में नवनिर्वाचित बीजेपी विधायकों की रविवार को होने वाली बैठक में शिरकत करने के लिए पहुंचे माथुर ने शनिवार की शाम यह बात कही।

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की कुल 11 लोकसभा सीटों में से 9 पर जीत हासिल की थी और कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं. बीजेपी विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए रविवार को पार्टी के पर्यवेक्षकों के दौरे के बारे में पूछे जाने पर माथुर ने कहा, ‘हमारी पार्टी के पर्यवेक्षक आ रहे हैं और वे क्या निर्णय लेंगे, हम इसका इंतजार कर रहे हैं।’

कैसे चुना जाएगा छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री? राज्य में मुख्यमंत्री चुनने के किसी फॉर्मूले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘कोई फॉर्मूला नहीं है. BJP के संसदीय बोर्ड द्वारा निर्धारित एक व्यवस्था है जिसका पालन किया जाएगा.’ लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेतृत्व को बधाई देता हूं. यह तय है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।’

छत्तीसगढ़ में बीजेपी के विधायक दल का नेता चुनने के लिए नवनिर्वाचित 54 विधायकों की बैठक आज रविवार दोपहर 12 बजे होगी. बैठक के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर संशय खत्म होने की संभावना है. बीजेपी ने पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव से पहले अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की थी. बैठक में पार्टी के तीन पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम मौजूद रहेंगे. बैठक में माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य के लिए पार्टी के सह-प्रभारी नितिन नबीन भी मौजूद रहेंगे।

बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में जीतीं कुल 54 सीटें
जानकारी के लिए बता दें कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 90 में से 54 सीटें जीती हैं. वहीं, 2018 में 68 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 35 सीटों पर सिमट गई. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button