खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

35.54 एकड़ जमीन पर सजेगा सबसे बड़ा डायमंड बाजार: SDB भवन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, जानिए इसकी खासियत?

पीएम मोदी रविवार 17 दिसंबर को गुजरात में 35.54 एकड़ जमीन पर बने सूरत डायमंड बोर्स भवन का उद्घाटन करेंगे. इसमें कुल 9 टावर हैं. इसका मकसद हीरे के व्यापार को बढ़ावा देना है…

सूरत (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार 17 दिसंबर को गुजरात में सूरत डायमंड बोर्स (SDB) भवन का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ब‍िल्‍ड‍िंग के पास एक सभा को संबोधित भी करेंगे. यह भवन डायमंड रिसर्च एंड मर्केंटाइल (ड्रीम) सिटी का हिस्सा है।

सूरत शहर के पास खजोद गांव में स्थित एसडीबी भवन में कुल 135 हीरा व्यापार फर्मों ने अपने कार्यालयों का परिचालन शुरू क‍िया है. एसडीबी भवन 67 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैला है. यह दुनिया का सबसे बड़ा ऑफिस कॉम्प्लेक्स है. इसे 35.54 एकड़ में बनाया गया है. इसमें लगभग 4,500 हीरा फर्मों के ऑफिस हैं. ड्रीम सिटी के अंदर बनी इस बिल्डिंग में 9 टावर हैं और इनमें 15 मंजिलें हैं. इमारत में 300 वर्ग फुट से लेकर 1 लाख वर्ग फुट तक का ऑफिस स्पेस उपलब्ध है।

डायमंड टेस्टिंग लैब्स से लेकर रेस्टोरेंट्स की सुविधा एसडीबी सूरत, भारत का दूसरा हीरा व्यापार केंद्र है. इस डायमंड बाजार को लगभग 3,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इसमें कंपनियों के ऑफिस के अलावा डायमंड टेस्टिंग लैब्स, ग्रेडिंग और सर्टिफिकेशन, बैंक, सुरक्षा वॉल्ट, कस्टम जोन और रेस्टोरेंट्स की सुविधा भी है।

क्या है SDB का उद्देश्य? एसडीबी का मकसद हीरे, रत्न और ज्वेलरी के आयात, निर्यात और व्यापार को बढ़ावा देना है. इसके अलावा इसका उद्देश्य हीरों की मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार में लगे संगठनों को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा प्रदान करना है।

इतना ही नहीं यहां कटिंग, पॉलिशिंग और प्रोसेसिंग सहित रत्न और आभूषण से संबंधित व्यापार को बढ़ावा और विकसित किया जाएगा. इसका उद्देश्य हीरा कारोबार को सुविधाजनक बनाने के लिए भारत में एक अंतर्राष्ट्रीय व्यापार केंद्र की स्थापना करना और देश को दुनिया में एक आधुनिक और हीरे की ज्वेलरी मार्केट के रूप में विकसित करना भी है।

एसडीबी के मीडिया संयोजक दिनेश नवादिया ने कहा कि उद्घाटन से पहले ही मुंबई सहित कई हीरा व्यापारियों ने ऑफिसों का कब्जा ले लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button