दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग और राजकीय सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के सड़कों में होने वाले सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विचार-विमर्श किया गया

दुर्ग। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने सहित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रभावी उपाय करने को कहा। उन्होंने लेफ्ट टर्न फ्री लगाने एवं डिवाईडर लगाने को कहा। यातायात नियमों की पूरी जानकारी नही होने के कारण लोग जहां तहां कही से भी टर्न हो जाते है जिसके कारण दुर्घटनाएं होती है। जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग और राजकीय सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के सड़कों में होने वाले सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने आमजनों की जान-मान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल दिया। जरूरत के अनुरूप डिवाईडर एवं लेफ्ट टर्न फ्री लगाने और अन्य अधोसंरचना कार्यो को सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। सड़क दुर्घटना रोकने के लिए व्यापक प्रयास करने बल दिया।

कलेक्टर ने जिले के संभावित दुर्घटना क्षेत्रों को चिन्हांकित कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने हेतु राष्ट्रीय राजमार्गो को सहायक सड़कों से जोड़ने वाले पॉइंट पर गति अवरोधक रम्बल्ड स्ट्रिप बनाने को कहा। इस हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हांकित स्थानों में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने दुर्घटनाजन्य वाले स्थानों पर गति नियंत्रण के लिए जिगजैग, आवश्यक स्थानों पर साईन बोर्ड लगाने, रात्रि में अंधेरे की वजह से हो रही दुर्घटनाओं वाले स्थानों में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग ने लोक निर्माण विभाग सेतू संभाग अंतर्गत नेहरू नगर, शिवनाथ नदी, नेवई ओवर ब्रिज में डिवाईडर का निर्माण कराए जाने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था और राष्ट्रीय राजमार्ग में कोसानाला सर्विस रोड का निर्माण तथा टोल प्लाजा को तोड़कर रोड सीधा कराने, प्रियदर्शनीय परिसर, साक्षरता चौक, खुर्सीपार, जीआरपी कटिंग, मजार कटिंग में क्रस बैरियर बनाने, नेहरू नगर से कोसानाला तक सर्विस रोड डिवाईडर की ऊंचाई बढ़ाने जाने का सुझाव दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.)में झरोखा स्मृति नगर बोगदा पुलिया से डी मार्ट एवं आरोग्यम हॉस्पिटल तक दोनों ओर सर्विस लेन निर्माण एवं अंजोरा बायपास से नेहरू नगर गुरूद्वारा चौक तक दो स्थानों पर स्पीड वायलेशन डिवाईस कैमरा लगाने को कहा।

लोक निर्माण विभाग द्वारा जेल तिराहा से पुलगांव चौक तक रोड चौड़ीकरण एवं डिवाईडर का निर्माण कराने, मालवीय नगर चौक, राजेन्द्र पार्क चौक एवं पटेल चौक पर फ्री लेफ्ट निर्माण कराने, मोतीपुर चौक में हाई मास्क लाईट लगाने, धमधा-खैरागढ़ मार्ग बिरझापुर से ग्राम कुटहा के मध्य क्षतिग्रस्त पुलिया का मरम्मत कराने व रिफ्लेक्टिव साईन बोर्ड लगाने का सुझाव दिया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग, आयुक्त नगर निगम भिलाई व अपर कलेक्टर रोहित व्यास, एसडीएम भिलाई नगर दीपक निकुंज, एसडीएम दुर्ग मुकेश रावटे, एसडीएम भिलाई 3 जागेश्वर कौशल, एएसपी ग्रामीण अनंत साहू, डीएसपी यातायात सतीश ठाकुर, आरटीओ शैलाभ साहू सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button