दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अपमान का मामला, आज राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे भाजपाई

दुर्ग। बुधवार को दुर्ग जिला भाजपा संगठन द्वारा विधानसभा संयोजक, मंडल प्रभारी- सह प्रभारी एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी दो दिनों में सभी 13 मंडलों में मंडल स्तरीय बैठकों का आयोजन किए जाने और आगामी कार्यक्रमों के रूपरेखा तय किए जाने हेतु निर्देश दिए गए। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अपमान किए जाने के विरोध में 21 दिसंबर गुरुवार को राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने का भी निर्णय लिया गया, जिसके लिए कार्यकर्ता जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय से दोपहर 12:00 बजे निकलेंगे और पटेल चौक में राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे, साथ ही जिला मुख्यालय के बाहर अन्य मंडलों में भी राहुल गांधी का पुतला दहन किया जाएगा।

बैठक में जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग संगठन जिला के 13 मंडलों में से 10 में भाजपा ने कांग्रेस पर बढ़त हासिल की। मंडल प्रभारियों-सह प्रभारियों की निरंतर सक्रियता और मंडल अध्यक्षों के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डेढ़ वर्षों में जो भूपेश सरकार के खिलाफ जो आंदोलनात्मक गतिविधियां करके जनमानस को उद्वेलित किया, वही परिवर्तन का आधार बना है। कांग्रेस शासन के दौर में मुख्यमंत्री सहित चार-चार मिनिस्टरों के वीवीआईपी जिले में जो ऐतिहासिक प्रदर्शन भाजपा ने किया है उसकी सराहना प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ राष्ट्रीय नेतृत्व भी कर रहा है। राजीव अग्रवाल ने मंडल अध्यक्षों को कहा कि कल तक वे विपक्षी दल के नेता हुआ करते थे लेकिन आज सत्ता पक्ष के नेता है इसलिए उनकी जिम्मेदारी अब और भी अधिक बढ़ गई है। ढाई महीने बाद जो लोकसभा के चुनाव होने हैं, उसके लिए अभी से बूथ स्तर पर पुनः संगठन को रिचार्ज करना है, जिसके संबंध में पार्टी ने कुछ कार्यक्रम सुनिश्चित किए हैं, जिसे मंडल से लेकर बूथ स्तर के स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विधानसभा चुनाव में हारे हुए बूथों पर ध्यान केंद्रित करना है।

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि आगामी 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के जन्मदिवस को प्रत्येक पोलिंग बूथ में आवश्यक रूप से मनाया जाए, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन का सबसे बड़ा प्रतीक है और उनके बनाए गए मापदंडों पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अनेको राज्यों की सरकारें काम कर रही है। दुर्ग जिले में ग्राम स्तर पर बने अटल चौक पर कार्यकर्ता और आमजन एकत्रित होकर अटलजी के कार्यों और सुशासन का स्मरण करते हुए उनकी कविताओं पर काव्यांजलि, सेवा कार्य और नमो ऐप पर विकसित भारत ब्रांड एंबेसडर बनाने का काम करें, साथ ही शहर में भी बूथ स्तर पर यह कार्यक्रम हो।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम 20 दिसंबर से प्रारंभ हो चुका है, सभी मंडल अध्यक्ष अपनी अपनी टीम को आगामी 5 जनवरी 2024 तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के अभियान में सक्रिय करें।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष अरविंदर खुराना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने 26 दिसंबर के दिन को वीर बाल दिवस घोषित किया है, ये दिन गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों की शहादत का दिन है, जो देश के बच्चों को प्रेरणा देने वाले व्यक्तित्व है। श्री खुराना ने गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के अनुकरणीय साहस और बलिदान को लेकर मंडल स्तर पर विशेष कार्यक्रम और गुरुद्वारों में होने वाले शबद कीर्तन का सामूहिक रूप से श्रवण करने सहित अनेको प्रकार के आयोजन किए जाने संबंधी विषय प्रस्तुत किया।

जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर पुनर्निर्माण पश्चात रामलला की विधिवत स्थापना का कार्य आगामी 22 जनवरी को होने जा रहा है, ये भारत के लिए ऐतिहासिक पल है। 22 जनवरी का दिन दीपावली की तरह गांव-गांव में मनाया जाए।

आभार प्रदर्शन जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप साहू ने किया। बैठक में सर्वाधिक मतों से बढ़त हासिल करने वाले वार्ड गयानगर के पूर्व पार्षद और जिला प्रवक्ता दिनेश देवांगन का अभिनंदन भी किया गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा को बढ़त वाले मंडल के अध्यक्षों का भी अभिनंदन किया गया।

बैठक में उपस्थितजनों में जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, जिला भाजपा उपाध्यक्ष अरविंदर खुराना, विधानसभा संयोजक राजेंद्र कुमार, दिलीप साहू, जागेश्वर साहू, रविशंकर सिंह, मंडल प्रभारियों में आशीष निमजे, रोहित साहू, चतुर्भुज राठी, दिनेश देवांगन, शिव चंद्राकर, देवेंद्र चंदेल, संतोष सोनी, शिवेंद्र परिहार, मंडल सह प्रभारियों में दीपक चोपड़ा, नीलेश अग्रवाल, सचेंद्र सिंह राजपूत, रजा खोखर, नीरज पांडेय, मंडल अध्यक्षों में डॉ सुनील साहू, विजय ताम्रकार, सुनील अग्रवाल, गिरेश साहू, फत्तेलाल वर्मा, कृष्णा पटेल, रोहित राजपूत, जितेंद्र यादव, जितेन्द्र राजपूत, रजनीश श्रीवास्तव, अनूप सोनी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button