खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी आज से दो दिवसीय केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के दौरे पर, करोड़ो की देंगे सौगात

पीएम मोदी आज से तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल के 2 दिवसीय दौरे पर होंगे. वह करोड़ों रुपये की लागत की परियोजनाओं की सौगात देंगे. पीएम मोदी ने अपने कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी है…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2-3 जनवरी को तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल का दौरा करेंगे. अपने दौरे पर पीएम मोदी करोड़ों रुपये की लागत के विकासकार्यों और परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास करेंगे. नए साल में पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब लोकसभा चुनाव 2024 का समय नजदीक है. आम चुनाव के मद्देनजर बीजेपी समेत तमाम राजनीतिक दल हर वर्ग और जगह के मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं. माना जा रहा है कि पीएम मोदी के इस दौरे से बीजेपी के दक्षिण के मिशन को धार मिलेगी।

अपने दौरे को लेकर पीएम मोदी ने ये बताया सोमवार (1 जनवरी) को पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल के माध्यम से एक पोस्ट में अपने कार्यक्रम के बारे में बताया. पीएम मोदी ने लिखा, ”अगले दो दिनों में मैं तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा. कार्यक्रमों की शुरुआत तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से होगी, जहां मैं भारतीदासन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करूंगा. एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का भी उद्घाटन किया जाएगा. साथ ही अन्य विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया जाएगा. इन कार्यों से कई लोगों को लाभ होगा।”

पीएम मोदी ने आगे बताया, ”मैं लक्षद्वीप के लोगों के बीच जाने के लिए उत्सुक हूं. 1150 करोड़ रुपये के विकासकार्यों का या तो उद्घाटन किया जाएगा या फिर उनका शिलान्यास किया जाएगा. इन कार्यों में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा आदि से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।”

पीएम मोदी के दौरे का शेड्यूल पीआईबी के अनुसार, पीएम मोदी 2 जनवरी को सुबह करीब 10:30 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे. यहां भारतीदासन विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में पीएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. यहां वह मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान करेंगे. इस अवसर पर वह जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

दोपहर करीब 12 बजे तिरुचिरापल्ली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पीएम मोदी विमानन, रेल, सड़क, तेल और गैस, शिपिंग और उच्चतर शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 19,850 करोड़ रुपये से ज्यादा की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे या उनकी आधारशिला रखेंगे. तिरुचिरापल्ली में सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे।

अन्य परियोजनाओं के अलावा पीएम मोदी तिरुचिरापल्ली स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के 500 बिस्तरों वाले लड़कों के छात्रावास ‘एमेथिस्ट’ का उद्घाटन करेंगे।

पीएम मोदी का लक्षद्वीप का कार्यक्रम पीएम मोदी करीब 3:15 बजे लक्षद्वीप के अगात्ती पहुंचेंगे, जहां वह एक सार्वजनिक समारोह को संबोधित करेंगे. 3 जनवरी को दोपहर लगभग 12 बजे पीएम मोदी लक्षद्वीप के कावारत्ती पहुंचेंगे, जहां वह अन्य बातों के अलावा अनेक विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और लक्षद्वीप में दूरसंचार, पेयजल, सौर ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों से संबंधित अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री कोच्चि-लक्षद्वीप द्वीप समूह सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन (केएलआई – एसओएफसी) परियोजना का उद्घाटन करेंगे. इससे इंटरनेट स्पीड 100 गुना से ज्यादा (1.7 जीबीपीएस से 200 जीबीपीएस तक) बढ़ जाएगी।

पीएम मोदी कदमत में निम्न तापमान थर्मल डिसेलिनेशन (एलटीटीडी) संयंत्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इससे प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर स्वच्छ पेयजल का उत्पादन होगा।

अगात्ती और मिनिकॉय द्वीपों के सभी घरों में पहुंचेगा नल से पानी पीएम अगात्ती और मिनिकॉय द्वीपों के सभी घरों में चालू घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी) भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. लक्षद्वीप के द्वीपों में पीने योग्य पानी की उपलब्धता हमेशा एक चुनौती रही है क्योंकि मूंगा द्वीप होने के कारण यहां भूजल की उपलब्धता बहुत सीमित है. ये पेय परियोजनाएं द्वीपों की पर्यटन क्षमता को मजबूत करने में भी मदद करेंगी, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

राष्ट्र को समर्पित अन्य परियोजनाओं में कावारत्ती में सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल है, जो लक्षद्वीप की पहली बैटरी समर्थित सौर ऊर्जा परियोजना है. इससे कावारत्ती में इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन) कॉम्प्लेक्स के नए प्रशासनिक ब्लॉक और 80 पुरुष बैरक में डीजल आधारित विद्युत उत्पादन संयंत्र पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

पीएम मोदी कलपेनी में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सुविधा के नवीनीकरण और एंड्रोथ, चेटलाट, कदमत, अगात्ती और मिनिकॉय के पांच द्वीपों में पांच मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों (नंद घरों) के निर्माण की आधारशिला रखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button