खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

रोहित-गिल-जायसवाल ने तोड़ा 67 साल पुराना रिकॉर्ड: रोहित शर्मा ने की सचिन तेंदुलकर की बराबरी, बना डाला जबरदस्त रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की तिकड़ी ने इतिहास रच दिया है. जानिए उन्होंने कौन सा रिकॉर्ड ध्वस्त किया…

धर्मशाला (ए)। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत का प्रदर्शन लाजवाब रहा है. भारत 3-1 की बढ़त बना चुका है और धर्मशाला में चल रहे पांचवें टेस्ट मैच में टीम के पास दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद 255 रन की शानदार बढ़त है. इस सीरीज में विशेष रूप से भारत के ऊपरी तीनों बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है. रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की तिकड़ी लगातार अर्धशतक और शतकीय पारियां खेल रही है. अब रोहित, जायसवाल और गिल की जोड़ी ने एक अनोखा रिकॉर्ड कायम किया है।

भारत बनाम इंग्लैंड पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अभी तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्होंने अभी तक 5 मैचों की 9 पारियों में 712 रन बनाए हैं. दूसरी ओर कप्तान रोहित शर्मा भी सीरीज में 400 रन के आंकड़े को पार कर चुके हैं. उन्होंने अभी तक इस सीरीज में 5 मैचों में 400 रन बनाए हैं और उन दोनों के अलावा शुभमन गिल भी इस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं. गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेले 5 मैचों में अभी तक 452 रन बनाए हैं।

रोहित-गिल-जायसवाल इतिहास में भारतीय टीम की ऐसी पहली तिकड़ी बन गई है, जिसने एक ही सीरीज में एकसाथ 400 या उससे अधिक रन बनाए हैं. इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 1955-56 में ऐसा पहली बार हुआ था जब किन्हीं 3 भारतीय बल्लेबाजों ने एक ही सीरीज में 300 या उससे अधिक रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ उस सीरीज में मूलवंतराय मांकड़ ने 526, विजय मांजरेकर ने 386 और पॉली उमरीगर ने 351 रन बनाए थे. खैर इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज की बात करें तो रोहित शर्मा, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल, तीनों ने 2-2 शतकीय पारियां खेली हैं. इन 3 बल्लेबाजों के अलावा कोई अन्य खिलाड़ी सीरीज में 2 शतक नहीं लगा पाया है।

इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शतक लगाया है. उन्होंने धर्मशाला में खेले जा रहे टेस्ट मैच की पहली पारी में 162 गेंद में 103 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 13 चौके और 3 छक्के भी लगाए. हालांकि 9 महीनों बाद पहली बार गेंद हाथ में लेने वाले बेन स्टोक्स ने ‘हिटमैन’ को बोल्ड किया, लेकिन शतक लगाते ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अभी तक 30 की उम्र के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने इस उम्र के बाद कुल 35 शतक लगाए थे. वहीं रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ 103 रन की पारी खेलते ही इस मामले में सचिन की बराबरी कर ली है. उन्होंने भी अब 30 साल की उम्र के बाद 35 शतक जड़ दिए हैं।

वहीं दुनिया के सभी खिलाड़ियों की बात की जाए तो 30 की उम्र के बाद सबसे ज्यादा शतकीय पारी खेलने का रिकॉर्ड कुमार संगाकारा के नाम है, जिन्होंने इस उम्र के बाद 43 शतक लगाए थे. इस सूची में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन और रिकी पॉन्टिंग संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं क्योंकि उन दोनों ने 30 की उम्र के बाद 36 शतक लगाए थे. रोहित शर्मा ने 30 की उम्र के बाद टेस्ट मैचों में 10, एकदिवसीय मैचों में 21 और टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 4 शतक लगाए हैं।

साल 2024 में भी रोहित शर्मा की शानदार फॉर्म जारी है. ‘हिटमैन’ ने अभी तक इस साल 3 शतक लगाए हैं, जिनमें से 2 शतकीय पारियां इंग्लैंड के खिलाफ चल रही मौजूदा टेस्ट सीरीज के दौरान आई हैं। इसके अलावा उन्होंने साल की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैच में 121 रन की नाबाद पारी खेली थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button