दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

सीएचसी रिसाली का अचानक निरीक्षण करने पंहुची कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, अनुपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस जारी

दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने रिसाली नगर निगम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। समय का ध्यान न रखने और देरी से काम पर आने वाले कर्मचारियों पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश देते हुये कहा कि जो चिकित्सक समय पर नहीं आते उन्हे नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होेंने दवाईयों तथा अन्य उपकरणों का अवलोकन किया, जिन दवाईयों की समयावधि समाप्त हो गई है उन्हें तुरंत हटाने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में उन्होंने उतई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाजरी रजिस्टर की जांच की। जांच के दौरान बहुत से चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने अनुपस्थित चिकित्सकों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने केंद्र में होने वाली विभिन्न जांचों सहित सिकल सेल टेस्ट युनिट की जानकारी ली। सीएमएचओ जेपी मेश्राम ने बताया कि जांच के उपरांत मरीज को जिला अस्पताल भेजा जाता है। कलेक्टर स्वास्थ्य केंद्र में नियमित साफ-सफाई किए जाने के निर्देश दिए।

रिसाली के आत्मानंद स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर सीधे नेवई स्कूल पहुंची। मतदान केंद्र देखने के बाद परिसर को देखी। इस दौरान उन्होंने निगम आयुक्त मोनिका वर्मा को निर्देश दिए कि स्कूल परिसर को हरा भरा बनाएं।

लोकसभा निर्वाचन को लेकर रिसाली नगर निगम के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में मतदान करने के लिये तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने मतदान केंद्र में मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नेवई में स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। जिसे लोकसभा निर्वाचन हेतु मतदान के लिये चिन्हांकित किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बगीचा तैयार कर पौधा रोपण करने के निर्देश दिये।

मतदान के समय तेज गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि लोकसभा आम चुनाव के दौरान निगम क्षेत्र के मतदान केंद्रों में सभी समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने मतदान दल के ठहरने की व्यवस्था के साथ पेय जल, प्रसाधन और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न करने की बात कही।

इसी प्रकार पाटन विकासखण्ड के अंतर्गत पतोरा ग्राम पंचायत में शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने बच्चों से पढ़ाई लिखाई के बारे में चर्चा की। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माध्यमिक शाला पतोरा के कक्षा 8वीं के 8 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। कलेक्टर ने इस पर सभी शैक्षणिक एवं अन्य कर्मचारियों की प्रशंसा की।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम रिसाली की आयुक्त मोनिका वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी जेपी मेश्राम, अनुविभागीय अधिकारी मुकेश रावटेे, पाटन विकासखण्ड के अनुविभागीय अधिकारी दीपक निकुंज के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button