खास खबरछत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्ड

आज नक्सलवाद सिमट कर एक छोटे से क्षेत्र में रह गया है, जल्द ही छत्तीसगढ़ और पूरा देश पूर्णतः नक्सल मुक्त होगा: गृहमंत्री अमित शाह

छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन चलाकर 29 नक्सलियों को मार गिराया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जमकर सराहना की है…

नईदिल्ली (ए)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के माड़ इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच  मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को मिली भारी कामयाबी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने सुरक्षा बलों के ऑपरेशन की सराहना की है और कहा है कि जल्द ही देश नक्सलवाद से मुक्त होगा।

मंगलवार दोपहर 2 बजे मुठभेड़ शुरू हुई थी. इस  ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियों को ढेर कर दिया है. सभी के शव बरामद हो गए हैं. इनमें नक्सली लीडर शंकर राव भी शामिल है. मुठभेड़ में BSF इंस्पेक्टर रमेश चौधरी सहित 3 जवान घायल हुए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों के ऑपरेशन की सराहना करते हुए माइक्रोब्लॉगिंग साइट X पर लिखा है, “आज छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गये हैं. इस ऑपरेशन को अपनी जांबाजी से सफल बनाने वाले सभी सुरक्षाकर्मियों को बधाई देता हूं और जो वीर पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

अमित शाह ने आगे लिखा, “नक्सलवाद विकास, शांति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम देश को नक्सलवाद के दंश से मुक्त करने के लिए संकल्पित हैं. सरकार की ऑफ़ेंसिव नीति और सुरक्षा बलों के प्रयासों के कारण आज नक्सलवाद सिमट कर एक छोटे से क्षेत्र में रह गया है. जल्द ही छत्तीसगढ़ और पूरा देश पूर्णतः नक्सल मुक्त होगा।

दरअसल छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक अचूक ऑपरेशन को अंजाम दिया. बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि कांकेर जिले के छोटेबेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हापाटोला गांव के जंगल में एक तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान नक्सलियों की ओर से हमला किया गया जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियों को मार गिराया।

सुरक्षाबलों को खुफिया इनपुट मिली थी कि उत्तरी बस्तर डिवीजन के नक्सली शंकर, ललिता, राजू समेत अन्य माओवादी माओवादियों के छोटेबेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीनागुंडा और कोरोनार गांवों के मध्य हापाटोला गांव के आसपास मौजूद हैं. इसके बाद दोपहर लगभग दो बजे हापाटोला गांव के जंगल में बेहद सधे कदमों से आगे बढ़ते हुए जवा सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें 29 नक्सली मारे गए।

घटनास्थल से 29 नक्सलियों के शवों के पास से एके-47 राइफल, एसएलआर राइफल, इंसास राइफल और 303 बंदूकों समेत भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किए गए हैं. बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण के तहत वोट डाले जाएंगे. उसके पहले सुरक्षा बलों को इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button