खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

विश्व कप के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच नहीं रहेंगे द्रविड़? BCCI ने मंगाए आवेदन, रखीं ये शर्तें

राहुल द्रविड़ का अनुबंध पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद खत्म हो गया था। हालांकि, इसके बाद बीसीसीआई ने उनसे बात की थी और इस साल टी20 विश्व कप तक अपने पद पर बने रहने के लिए मनाया था…

 

नईदिल्ली (ए)। टी20 विश्व कप के बाद टीम इंडिया में बड़ा बदलाव होना तय है। बीसीसीआई ने भारतीय टीम के मुख्य कोच पद के लिए आवेदन मंगाए हैं। सोमवार को बीसीसीआई ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी जानकारी दी। बोर्ड के सचिव जय शाह ने हाल ही में बयान दिया था कि टी20 विश्व कप के बाद टीम इंडिया को नया कोच मिलेगा।

अब देखने वाली बात यह है कि राहुल द्रविड़ फिर से आवेदन करते हैं या नहीं। अगर वह आवेदन नहीं करते हैं तो भारतीय टीम को नया कोच मिलेगा। द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद खत्म हो गया था। हालांकि, इसके बाद बीसीसीआई ने उनसे बात की थी और इस साल टी20 विश्व कप तक अपने पद पर बने रहने के लिए मनाया था।

बोर्ड ने बताया कि मुख्य कोच पद के लिए 27 मई को शाम छह बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया में आवेदनों की गहन समीक्षा, उसके बाद इंटरव्यू और शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाएगा। नए मुख्य कोच का कार्यकाल 3.5 साल का होगा। यह एक जुलाई 2024 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2027 तक का होगा। यानी नए मुख्य कोच के अंदर टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी 2025, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2025 और 2027, टी20 विश्व कप 2026 और वनडे विश्व कप 2027 खेलेगी। यानी नए कोच के सामने तीन सीमित ओवर विश्व कप और दो आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप जीतने की चुनौती है।

सफल उम्मीदवार एक विश्व स्तरीय भारतीय क्रिकेट टीम विकसित करने के लिए जिम्मेदार होगा। मुख्य कोच पर खेल के तीनों प्रारूपों में भारतीय पुरुष टीम के अच्छे प्रदर्शन और प्रबंधन की समग्र जिम्मेदारी होगी। मुख्य कोच विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की एक टीम का नेतृत्व करेगा और सभी को उनकी जिम्मेदारियां परिभाषित करने के लिए जिम्मेदार होगा। साथ ही उनकी भूमिकाएं और उनके प्रदर्शन और टीम में हो रहे विकास पर भी नजर बनाए रखेगा। मुख्य कोच भारतीय पुरुष टीम में अनुशासनात्मक संहिताओं की समीक्षा करने, बनाए रखने और लागू करने के लिए जिम्मेदार होगा।

मुख्य कोच पद के लिए आवेदन करने वाले ने कम से कम 30 टेस्ट मैच या 50 वनडे मैच खेले हों। या फिर उसके पास न्यूनतम दो वर्ष का पूर्ण सदस्य टेस्ट प्लेइंग नेशन का मुख्य कोच बनने का अनुभव हो। या फिर किसी एसोसिएट सदस्य/आईपीएल टीम या समकक्ष अंतरराष्ट्रीय लीग/प्रथम श्रेणी टीमों के प्रमुख कोच/राष्ट्रीय ए टीमें के कोच रूप में कम से कम तीन साल का अनुभव होना चाहिए। या फिर आवेदन करने वाले ने बीसीसीआई के लेवल तीन का सर्टिफिकेट लिया हो या फिर उसके समकक्ष कोई डिग्री हो। आवेदन करने वाले की उम्र 60 वर्ष से कम होनी चाहिए।उक्त खबर आप सारनाथ एक्सप्रेस में पढ़ रहे हैं।

हाल ही में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा था कि अगर द्रविड़ टी20 विश्व कप के बाद भी पद पर बने रहना चाहते हैं तो उन्हें दोबारा आवेदन करना होगा। जय शाह ने कहा था, ‘राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। अगर उन्हें पद पर बने रहना है तो उन्हें दोबारा आवेदन करना होगा। हम तीन साल के लिए लंबे समय तक के लिए कोच की तलाश कर रहे हैं।’ हालांकि, अगले 3.5 साल के लिए द्रविड़ के लिए फिर से आवेदन करना कठिन होगा, क्योंकि वह नवंबर 2021 से पहले ही इस भूमिका में हैं। द्रविड़ ने हाल ही में बताया भी था कि वह अपने परिवार को समय नहीं दे पा रहे हैं। द्रविड़ के दोनों बच्चे भी क्रिकेट खेलते हैं और ऐसे में द्रविड़ आगे कुछ समय परिवार के साथ बिताना चाहेंगे।

नए कोच के कार्यकाल की शुरुआत जुलाई में श्रीलंका में सफेद गेंद की सीरीज से हो सकती है। इसके बाद टीम इंडिया बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ दो घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगी। साल के अंत में भारत को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी करना है और पांच टेस्ट मैच खेलने हैं। फिर 2025 में पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा उस साल के मध्य में इंग्लैंड का दौरा भी करना है। 2026 में भारत और श्रीलंका टी20 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेंगे और 2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में खेला जाना है। आने वाले कोच को भारत के दो दिग्गज विराट कोहली (35 साल) और मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा (37 साल) को भी संभालना होगा, जो करियर के अंतिम चरण में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button