खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

सातवें व अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार थमा: 8 राज्य, 57 सीट, 904 उम्मीदवार; पीएम मोदी, कंगना रनौत से पवन सिंह तक की सीट पर होगा मतदान

लोकसभा चुनाव में प्रचार का शोर गुरुवार शाम थम गया। सातवें चरण और आखिरी चरण में 57 सीटों पर 1 जून को मतदान होना है। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश और पंजाब की 13-13 लोकसभा सीटों पर वोटिंग है। जानिए इस चरण के चुनाव से जुड़ी कुछ अहम बातें…

नईदिल्ली (ए)। लोकसभा चुनाव के छह चरण के मतदान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं सातवें और अंतिम चरण के चुनाव का प्रचार गुरुवार शाम (30 मई) समाप्त हो गया। सातवें दौर में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और सात राज्यों की कुल 57 सीटों पर 1 जून को मतदान है। इन प्रदेशों से कुल 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेत्री कंगना रनौत, टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह की भी सीटें शामिल हैं।

पीएम मोदी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे थे। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा था।

नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे और यहां प्रधानमंत्री ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में वाराणसी में कुल 57.13% लोगों ने मतदान किया था।

कंगना रनौत: इस चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में कुछ ऐसे हैं जिनकी चर्चा सबसे ज्यादा है। ऐसी ही एक उम्मीदवार हैं कंगना रनौत। फिल्म अभिनेत्री कंगना को भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। विक्रमादित्य सिंह यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। विधायक विक्रमादित्य सिंह मंडी से मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य सिंह का परिवार मंडी लोकसभा सीट का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के राम स्वरुप शर्मा जीते थे। 2019 में मंडी में 73.6% लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया था। 2021 में मंडी सांसद रामस्वरूप शर्मा का निधन हो गया। इसके बाद मंडी सीट पर उप-चुनाव हुआ जिसमें कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं।

उपेंद्र कुशवाहा vs पवन सिंह: बिहार की काराकाट सीट इस चुनाव में चर्चा में है। राष्ट्रीय लोकमोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा यहां से एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी हैं। महागठबंधन की ओर से भाकपा-माले के राजा राम सिंह उतरे हैं। इसके अलावा निर्दलीय उतर कर भोजपुरी कलाकार पवन सिंह ने काराकाट की लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। 2019 में यहां जदयू के महाबली सिंह को जीत मिली थी। बीते चुनाव में काराकाट सीट पर 49.09% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

अभिषेक बनर्जी: पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट भी चर्चित सीटों में शामिल है। टीएमसी ने यहां पार्टी के महासचिव और मौजूदा सांसद अभिषेक बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने अभिजीत दास (बॉबी) को टिकट दिया है। दास भाजपा की दक्षिण 24 परगना जिला इकाई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा माकपा के युवा नेता प्रतिकुर रहमान भी मैदान में हैं। पिछले चुनाव में इस सीट से टीएमसी के अभिषेक बनर्जी को जीत मिली थी। 2019 के चुनाव में डायमंड हार्बर में 81.98% लोगों ने मतदान किया था।

2019 में इन 57 सीटों पर कैसे थे नतीजे?

पार्टी सीटें
भाजपा 25
टीएमसी 9
कांग्रेस 8
बीजद 4
जदयू 3
बसपा 2
शिअद 2
अपना दल 2
झामुमो 1
आप 1

जिन सीटों पर 1 जून को मतदान, वहां 2019 में कैसी थी वोटिंग?

प्रदेश 2019 में वोट %
बिहार 51.34
चंडीगढ़ 70.61
हिमाचल प्रदेश 72.42
झारखंड 71.54
ओडिशा 74.61
पंजाब 65.94
उत्तर प्रदेश 58.46
पश्चिम बंगाल 78.80

 

ये केंद्रीय मंत्री मैदान में

सीट मंत्री मंत्रालय
वाराणसी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री
आरा आरके सिंह ऊर्जा मंत्री
महराजगंज पंकज चौधरी वित्त राज्य मंत्री
मिर्जापुर अनुप्रिया पटेल वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री
चंदौली महेंद्रनाथ पांडेय भारी उद्योग मंत्री
हमीरपुर अनुराग ठाकुर खेल मंत्री

किन-किन राज्यों में मतदान?

प्रदेश सीट उम्मीदवार
पंजाब 13 328
उत्तर प्रदेश 13 144
पश्चिम बंगाल 9 124
बिहार 8 134
ओडिशा 6 66
हिमाचल प्रदेश 4 37
झारखंड 3 52
चंडीगढ़ 1 19
कुल 57 904

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button