खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत का टी20 विश्वकप में जीत के साथ आगाज: आयरलैंड को 8 विकेट से हराया, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 600 सिक्स लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने रोहित शर्मा

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने पहले मैच में आयरलैंड को 8 विकेट से हरा दिया है. रोहित शर्मा ने फिफ्टी लगाई, लेकिन उनका कंधे का दर्द भारतीय टीम के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत ने आयरलैंड को 8 विकेट से रौंद डाला है. विराट कोहली के जल्दी आउट होने के बाद रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के बीच बेहतरीन साझेदारी के बलबूते टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. रोहित शर्मा ने इस मैच में 37 गेंद में 52 रन की पारी खेली, लेकिन वे कंधे में दर्द के कारण बिना आउट हुए मैदान से बाहर चले गए. आयरलैंड पहले खेलते हुए 96 रन के स्कोर पर सिमट गई थी, जिसके लिए सबसे ज्यादा रन गैरेथ डेलानी ने बनाए. डेलानी ने 14 गेंद में 26 रन की पारी खेली. वहीं जब भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने आई तो उसने 46 गेंद शेष रहते विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली है।

97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही क्योंकि टीम ने 2 ओवरों में ही 22 रन ठोक डाले थे. मगर तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर विराट कोहली बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए, कोहली केवल 1 रन बना पाए. कोहली के आउट होने के बाद हालांकि पावरप्ले ओवरों में भारत का कोई विकेट नहीं गिरा, लेकिन गेंद की मूवमेंट ने ऋषभ पंत और रोहित शर्मा को परेशानी में डाले रखा।

पहले 6 ओवरों में टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 39 रन बना लिए थे. इस बीच 9वें ओवर में ‘हिटमैन’ ने 2 जोरदार छक्के लगाकर समां बांधा और उन्होंने 36 गेंद में फिफ्टी पूरी की. 10 ओवर में भारत ने 1 विकेट खो कर 76 रन बना लिए थे और टीम को जीत के लिए अब भी 60 गेंद में 21 रन चाहिए थे. इस बीच 11 वां ओवर शुरू होने से पहले रोहित शर्मा कंधे में दर्द के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर डग आउट में लौट गए. सूर्यकुमार यादव मैच को फिनिश करने के चक्कर में जल्दी आउट हो गए, लेकिन ऋषभ पंत ने 13 ओवर में छक्का लगाकर भारत की 8 विकेट से जीत सुनिश्चित की. ऋषभ पंत ने 26 गेंद में 36 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

विराट कोहली चाहे आयरलैंड के खिलाफ मैच में केवल एक रन बनाकर आउट हो गए हों, लेकिन उन्होंने अपनी एक ऐतिहासिक स्ट्रीक को कायम रखा है. ये तथ्य हैरान कर देने वाला है कि विराट कोहली आज तक टी20 वर्ल्ड कप में शून्य के स्कोर पर आउट नहीं हुए हैं. मगर इतना जरूर है कि आज तक कोहली की विश्व कप में कोई भी पारी 2 रन से नीचे समाप्त नहीं हुई थी, इसलिए आयरलैंड टी20 विश्व कप के इतिहास में उन्हें सबसे छोटे स्कोर पर आउट करने वाली टीम भी बन गई है।

टी20 क्रिकेट के इतिहास में आयरलैंड और भारत का पहला मैच साल 2009 में खेला गया. आज तक दोनों टीमों के बीच 7 टी20 मैच खेले गए थे, जिनमें हर बार भारतीय टीम विजयी रही. ये पहला मौका था जब टी20 वर्ल्ड कप में भारत और आयरलैंड आमने-सामने आ रही थीं और इस बार भी रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने जीत प्राप्त की है. भारत का आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैचों में रिकॉर्ड 8-0 हो गया है।

रोहित शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बहुत पहले अपने नाम कर लिया था. अब उन्होंने छक्कों का एक ऐसा कीर्तिमान बना डाला है, जिसे तोड़ पाना अगली पीढ़ी के बल्लेबाजों के लिए बहुत मुश्किल काम रहने वाला है. ‘हिटमैन’ अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 600 सिक्स लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बुधवार को खेले गए आयरलैंड के खिलाफ मैच में हासिल की है. रोहित ने आयरलैंड के खिलाफ मैच में 3 छक्के लगाने के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 600 सिक्स पूरे किए हैं।

रोहित शर्मा ने साल 2007 में भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया था और अब तक भारतीय टीम के लिए 450 से भी अधिक मैच खेल चुके हैं. टी20 क्रिकेट की बात करें तो रोहित शर्मा ने 152 मैचों में 193 छक्के लगाए हैं और वो इस फॉर्मेट में दुनिया में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं. दूसरी ओर 262 वनडे मुकाबलों में उनके नाम अभी तक 323 छक्के हैं. 50-ओवर फॉर्मेट में ‘हिटमैन’ अभी तीसरे स्थान पर हैं क्योंकि क्रिस गेल (331) और शाहिद अफरीदी (351) उनसे आगे हैं. इसके अलावा भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान ने टेस्ट क्रिकेट में भी 84 छक्के लगाए हैं. टेस्ट मैचों में हालांकि रोहित सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड से बहुत दूर हैं, लेकिन भारत के सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज वही हैं।

भारत बनाम आयरलैंड के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वे अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में 4,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले विराट कोहली और बाबर आजम ऐसा कर चुके हैं. रोहित के अब 152 टी20 मैचों में 4,026 रन हो गए हैं और विराट कोहली उनसे केवल 12 रन आगे हैं. कोहली के नाम फिलहाल 118 टी20 मैचों में 4,038 रन हैं. बाबर आजम भी दोनों भारतीय दिग्गजों से पीछे नहीं हैं. पाकिस्तानी कप्तान अब तक 119 मुकाबलों में 4,023 रन बना चुके हैं. इन तीनों के बीच अब टी20 क्रिकेट का बादशाह बनने की जंग छिड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button