खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी आज जी7 समिट में शामिल होने इटली रवाना होंगे, तीसरे कार्यकाल का पहला विदेशी दौरा होगा

प्रधानमंत्री आज इटली के लिए रवाना होंगे। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह पहला विदेशी दौरा है। G7 शिखर सम्मेलन के अलावा पीएम मोदी की इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इटली के लिए रवाना होंगे। इटली के फसानो में आज से तीन दिवसीय जी 7 शिखर सम्मेलन का आगाज हो रहा है। इसमें पीएम मोदी भी शिरकत करेंगे। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी के नए कार्यकाल का यह पहला विदेशी दौरा है।

प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले इटली में भारत की राजदूत वाणी राव ने कहा कि पीएम मोदी वैश्विक मंच पर महत्वपूर्ण रोल अदा करेंगे। एएनआई से बात करते हुए, दूत वाणी राव ने बताया कि पीएम मोदी भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान हुए कुछ प्रमुख मुद्दों पर भी यहां चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इटली इस साल जी-7 समिट की अध्यक्षता कर रहा है। इटली के मुताबिक, रूस के यूक्रेन पर आक्रामक युद्ध ने दुनिया में अस्थिरता को बढ़ावा दिया है, जिससे दुनियाभर में कई तरह के संकट भी पैदा हुए हैं। इटली के अनुसार जी-7 मध्य पूर्व के संघर्ष और उससे होने वाले परिणामों को वैश्विक एजेंडे के तौर पर पूरा महत्व देगा।

इटली में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रधानमंत्री मोदी की एक-दूसरे से मुलाकात होने की संभावना है। हालांकि, अभी दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम तय नहीं है।

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जेक सुलविन ने बुधवार को कहा कि जी-7 समिट में राष्ट्रपति बाइडन और भारतीय प्रधानमंत्री मोदी की एक-दूसरे से मुलाकात हो सकती है। मोदी की उपस्थिति की औपचारिक पुष्टि करना भारतीयों पर निर्भर है। हमें उम्मीद है कि दोनों नेताओं को एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिलेगा।

इटली के अपुलीया क्षेत्र के बोर्गो इग्नाजिया लग्जरी रिसॉर्ट में 13 जून से 15 जून तक जी-7 की बैठक होगी। इसमें रूस-यूक्रेन और गाजा संघर्ष का मुद्दा छाए रहने की उम्मीद है। बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो जैसे नेता शिरकत करेंगे। जी-7 समिट में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की भी शामिल होंगे। जेलेंस्की यूक्रेन पर रूस के हमले के मुद्दे पर होने वाली चर्चा में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button