खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

कांग्रेस की मीटिंग में लगी मुहर, राहुल गांधी होंगे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष

संसद का विशेष सत्र चल रहा है. नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ग्रहण भी कर ली. ऐसे में विपक्ष के नेता को लेकर लगने वाली अटकलों को भी विराम लग गया है…

 

नईदिल्ली (ए)। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद सरकार गठित हो गई. इसके बाद से लगातार इस बात पर चर्चा की जा रही थी कि सदन में विपक्ष का नेता कौन होगा? अब इस चर्चा पर भी विराम लग गया है और उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद और कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता होंगे. इस बात की घोषणा कांग्रेस पार्टी की ओर से की गई।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता होंगे. ये फैसला कांग्रेस बैठक में लिया गया है. इस बाबत कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने प्रोटेम स्पीकर को पत्र लिखा और ये बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी होंगे।

वेणुगोपाल ने कहा, “अस्थायी अध्यक्ष भर्तृहरि महताब को चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त करने के निर्णय की जानकारी दी.” उन्होंने आगे कहा, “अन्य पदाधिकारियों का फैसला बाद में किया जाएगा।”

ये फैसला 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष पद के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मची रार के दौरान आया है. बीजेपी ने ओम बिरला को इस पद का उम्मीदवार बनाया है तो वहीं कांग्रेस ने के सुरेश को।

इससे पहले 9 जून को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) ने राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया था. सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें इस बारे में सोचने के लिए कुछ समय चाहिए, उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।

कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी सीटों की संख्या 2019 के 52 से लगभग दोगुनी बढ़ाकर 99 कर ली है. 2014 के चुनावों में पार्टी सिर्फ 44 सीटें जीतने में सफल रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button