खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

ब्रिटानिया को पछाड़ नंबर-2 बनी आईटीसी, अब नेस्ले से होगा टॉप के लिए मुकाबला

भारतीय बाजार में पैकेज्ड फूड सेगमेंट में लंबे समय से नेस्ले और ब्रिटानिया का दबदबा रहा है. आईटीसी पहली बार ब्रिटानिया को पछाड़ नंबर-2 बनने में कामयाब हुई है…

नईदिल्ली (ए)। देश की सबसे प्रमुख एफएमसीजी कंपनियों में से एक आईटीसी ने एक नया मुकाम हासिल किया है. आईटीसी अब ब्रिटानिया को पीछे छोड़कर पैकेज्ड फूड सेगमेंट की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है. अब आईटीसी का मुकाबला पहले स्थान पर काबिज मल्टीनेशनल एफएमसीजी कंपनी नेस्ले से होगा।

आईटीसी ने यह मुकाम बिक्री के हिसाब से हासिल किया है. यानी बिक्री के मामले में पैकेज्ड फूड सेगमेंट में आईटीसी से आगे सिर्फ नेस्ले है. ऐसा पहली बार हुआ है, जब पैकेज्ड फूड के मामले में आईटीसी की बिक्री ब्रिटानिया से ज्यादा हुई है. आईटीसी पैकेज्ड फूड सेगमेंट में कई उत्पाद बेचती है. आईटीसी के प्रमुख उत्पादों में आशीर्वाद आटा, बिंगो पोटैटो चिप्स, सनफीस्ट बिस्किट आदि शामिल हैं।

आईटीसी की हाल ही में जारी सालाना रिपोर्ट के अनुसार, 31 मार्च 2024 को समाप्त हुए वित्त वर्ष में उसके फूड बिजनेस की बिक्री 17,194.5 करोड़ रुपये रही है. इसमें घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों के आंकड़े शामिल हैं. दूसरी ओर पिछले वित्त वर्ष के दौरान ब्रिटानिया के फूड बिजनेस की कुल बिक्री 16,769.2 करोड़ रुपये की रही है।

वहीं बीते वित्त वर्ष में नेस्ले इंडिया की बिक्री का आंकड़ा 24,275.5 करोड़ रुपये का रहा है. हालांकि कंपनी के द्वारा जनवरी-दिसंबर से अप्रैल-मार्च में वित्त वर्ष शिफ्ट करने से बिक्री का यह आंकड़ा 12 महीने के बजाय 15 महीने का है. 12 महीने के हिसाब से देखें तो भी नेस्ले की भारतीय इकाई अपनी स्थानीय प्रतिस्पर्धियों से आगे है अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के 12 महीनों में नेस्ले इंडिया की बिक्री 19,563 करोड़ रुपये रही है, जो दूसरे नंबर की कंपनी आईटीसी के फूड बिजनेस की बिक्री की तुलना में ज्यादा है।

आईटीसी को फूड बिजनेस में पहली बार दूसरा पायदान दिलाने में आटे के भाव में आई तेजी सबसे प्रमुख कारण है. पिछले वित्त वर्ष के दौरान देश में आटे की कीमतों में 7 से 8 फीसदी की तेजी आई है. कंपनी के फूड बिजनेस की कुल बिक्री में सबसे ज्यादा योगदान पैकेज्ड आटा ब्रांड आशीर्वाद का रहा है. ओवरऑल आईटीसी के फूड बिजनेस की बिक्री में बीते वित्त वर्ष के दौरान 9 फीसदी की तेजी आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button