दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

संयंत्र के प्रभारी निदेशक अनिर्बान दासगुप्ता ने बीआरएम विभाग को रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के लिए दी बधाई

भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता तथा कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने 5 जुलाई 2024 को बार एंड राॅड मिल विभाग का दौरा कर टीम बीआरएम को रिकाॅर्डतोड़ प्रदर्शन के लिए बधाई दी। बीआरएम ने दिनांक 04 जुलाई 2024 को 4078 टन (1984 बिलेट) टीएमटी बार रोलिंग का नया रिकॉर्ड बनाकर, 19 मई 2024 को दर्ज पिछले रिकाॅर्ड 4013 टन (1955 बिलेट) को पार किया।

बार और रॉड मिल की ऊर्जावान टीम सुरक्षा, गुणवत्ता और उत्पादकता पर ध्यान केंद्रित कर अपने उत्कृष्ट प्रयासों के माध्यम से रिकॉर्ड प्रदर्शन कर रही है। इस अवसर पर संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने उत्कृष्ट निष्पादन हेतु बीआरएम बिरादरी, संबंधित शाॅप्स और सहयोगी विभागों को बधाई देते हुए कहा कि आपमें उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने की क्षमता है और आप आगे भी इसी प्रकार निरन्तर नए रिकॉर्ड बनाकर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखें।

कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने भी टीम को बधाई दी और उनका हौसला अफजाई करते हुए टीम बिरादरी को अपनी प्रक्रियाओं में सभी बाधाओं को दूर करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बीआरएम विभाग के महाप्रबंधक प्रभारी योगेश शास्त्री ने टीम बीआरएम को प्रेरित और प्रोत्साहित करने के लिए निदेशक प्रभारी और कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) का आभार व्यक्त किया और उन्होंने यह आश्वासन दिया कि टीम बीआरएम भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। इस अवसर पर महाप्रबंधक (बीआरएम-प्रचालन) सच्चिदानंद त्रिपाठी, शाश्वत मोहंती तथा समीर पांडे, महाप्रबंधक (बीआरएम-इलेक्ट्रिकल) आशीष, महाप्रबंधक (बीआरएम-मैकेनिकल) शिखर तिवारी, उप महाप्रबंधक (बीआरएम-इलेक्ट्रिकल) तुषार श्रीखंडे सहित विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे। संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी टीम बीआरएम को रिकाॅर्डतोड़ प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र के 7 मिलियन टन विस्तारीकरण एवं आधुनिकीकरण योजना के तहत संयंत्र के बार एंड रॉड मिल विभाग की स्थापना की गयी थी। उन्नत बार एंड रॉड मिल को विभिन्न प्रकार के सेक्शन को टीएमटी और वायर रॉड कॉइल में रोल करने के लिए डिजाइन किया गया है। बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और निर्माण गतिविधियों में तेजी के साथ सेल-बीएसपी के बार और रॉड मिल से उत्पादित उच्च गुणवत्ता वाले टीएमटी ग्रेड उत्पादों की मांग काफी बढ़ गई है।

बार और रॉड मिल के उत्पाद पहले ही नागपुर, विशाखापत्तनम, अहमदाबाद, हैदराबाद, गाजियाबाद और जयपुर सहित देश के विभिन्न कोनों में पहुंच चुके हैं। नेगेटिव टॉलरेंस के साथ उत्पादों की उच्च गुणवत्ता और सुसंगत यांत्रिक गुण तथा अच्छी वेल्डेबिलिटी के कारण मिल के उत्पाद सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ग्राहकों द्वारा सराहे जाते है।

भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एंड राॅड मिल विभाग में तैयार उत्पादों का उपयोग राष्ट्रीय महत्व की कई प्रतिष्ठित परियोजनाओं जैसे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, तटीय सड़क परियोजनाओं, सेंट्रल विस्टा परियोजना, सीमा सड़क परियोजना, बीएआरसी मुंबई तथा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button