खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

ओलंपिक में पुरुष हॉकी टीम की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- ये उपलब्धि ऐसी है जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी

भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया और टोक्यो ओलंपिक में किए अपने प्रदर्शन को पेरिस में दोहराया। भारत को जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल में हार मिली थी, लेकिन टीम कांसा लाने में सफल रही…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक में मिली जीत पर बधाई दते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। मोदी ने गुरुवार को भारतीय टीम की कांस्य पदक जीतने पर सराहना की। भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया और टोक्यो ओलंपिक में किए अपने प्रदर्शन को पेरिस में भी दोहराया। भारत को जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल में हार मिली थी, लेकिन टीम कांसा लाने में सफल रही।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ये उपलब्धि ऐसी है जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक में चमकी और कांस्य पदक घर लाने में सफल रही। यह और भी विशेष है क्योंकि यह उनका ओलंपिक में लगातार दूसरा पदक है। यह सफलता उनके कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। टीम ने अत्यधिक धैर्य और लचीलापन दिखाया है। सभी भारतीयों का हॉकी से एक भावनात्मक लगाव है। यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी अधिक लोकप्रिय बना देगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। पांच दशक से भी अधिक समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है। भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी। बेहतरीन भारतीय हॉकी टीम।

गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, ‘क्या शानदार प्रदर्शन। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन और बेहतरीन खेल भावना खेल के लिए एक नया जोश जगाएगी। आपकी उपलब्धि ने देश का गौरव बढ़ाया है।’

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एलान किया है कि पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम में शामिल पंजाब के प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।

भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कह दिया है। पेरिस ओलंपिक में स्पेन के खिलाफ भारत के कांस्य पदक जीतते ही श्रीजेश का सफर समाप्त हो गया। इसके बाद श्रीजेश भावुक होकर मैदान पर ही लेट गए। बाकी खिलाड़ी दौड़ते हुए उनके पास पहुंचे और जश्न में उनकी पीठ थपथपाने लगे। फिर जैसे ही श्रीजेश खड़े हुए, सभी भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया और उनके आगे नतमस्तक हो गए। उन्होंने करियर में 336 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button