खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

बीसीसीआई सचिव जय शाह निर्विरोध चुने गए आईसीसी के अध्यक्ष, एक दिसंबर से संभालेंगे पद

अक्टूबर 2019 से बीसीसीआई का कामकाज संभाल रहे जय शाह एक दिसंबर 2024 से आईसीसी चेयरमैन का पद संभालेंगे। मौजूदा अध्यक्ष ग्रेग बार्कले का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है और इस पद के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त थी…

 

नईदिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अगले अध्यक्ष चुने गए हैं। अक्टूबर 2019 से बीसीसीआई का कामकाज संभाल रहे जय शाह एक दिसंबर 2024 से आईसीसी चेयरमैन का पद संभालेंगे। मौजूदा अध्यक्ष ग्रेग बार्कले का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है और इस पद के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त थी।

आईसीसी के अनुसार, जय शाह एकमात्र उम्मीदवार थे जिन्होंने इस पद के लिए नामांकन भरा था और उन्हें निर्विरोध अगला अध्यक्ष चुना गया है। बार्कले ने 30 नवंबर को अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद तीसरे कार्यकाल की दौड़ से खुद को अलग कर लिया था जिससे खेल की वैश्विक संचालन संस्था में जय शाह के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। शाह को आईसीसी के बोर्ड में सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक माना जाता है। वह वर्तमान में आईसीसी की शक्तिशाली वित्त और वाणिज्यिक मामलों की उप समिति के प्रमुख का संभाल रहे थे।

आईसीसी अध्यक्ष पद पर चुने जाने के बाद जय शाह ने क्रिकेट की वैश्विक पहुंच और लोकप्रियता को आगे बढ़ाने का इरादा व्यक्त किया। आईसीसी के बयान के अनुसार, शाह ने कहा, आईसीसी अध्यक्ष पद पर चुने जाने से मैं अभिभूत हूं। मैं वैश्विक क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आईसीसी टीम और हमारे सदस्य देशों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। हम एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़े हैं जहां कई प्रारूपों के सह-अस्तित्व को संतुलित करना, नई तकनीक को अपनाने को बढ़ावा देना और हमारे प्रमुख कार्यक्रमों को नए वैश्विक बाजारों में पेश करना बहुत महत्वपूर्ण हो गया है। हमारा लक्ष्य क्रिकेट को और भी प्रसिद्ध बनाना है।
उन्होंने कहा, हमने काफी सीख ली है, लेकिन हमें और भी विचार करने की जरूरत है जिससे क्रिकेट को दुनियाभर में और पसंद किया जाए। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट को शामिल करना इस बात को दर्शाता है कि क्रिकेट का विकास हो रहा है। मुझे विश्वास है कि यह खेल को अभूतपूर्व तरीके से आगे बढ़ाएगा।
आईसीसी चेयरमैन दो-दो साल के तीन कार्यकाल के लिए पात्र होता है और न्यूजीलैंड के बार्कले ने अब तक चार साल पूरे कर लिए हैं। आईसीसी के नियमों के अनुसार चेयरमैन के चुनाव में 16 वोट होते हैं और अब विजेता के लिए नौ मत का साधारण बहुमत (51%) आवश्यक है। इससे पहले चेयरमैन बनने के लिए निवर्तमान के पास दो-तिहाई बहुमत होना आवश्यक था। हालांकि, जय शाह के अलावा किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया था इसलिए चुनाव कराने की जरूरत ही नहीं पड़ी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button