छत्तीसगढ़फीचर्ड

SP भावना गुप्ता की अध्यक्षता में जिले के सभी स्कूल- कॉलेजों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन

छात्राओं हेतु जीपीएम पुलिस के समाधान हेल्प लाइन नंबर 9479191792 की जानकारी साझा की गई तथा स्कूल, हॉस्टल कॉलेज में इसे चस्पा करवाने…

पेंड्रा। आज गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पुलिस कंट्रोल रूम में जिला एसपी आईपीएस भावना गुप्ता की अध्यक्षता में स्कूल कॉलेजों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला शिक्षा अधिकारी जगदीश शास्त्री समेत सारे ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों और कॉलेजों के प्राचार्य उपस्थित रहे। कार्यशाला की शुरुवात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल द्वारा औपचारिक स्वागत उद्बोधन कर की गई।

जिसके बाद सभी उपस्थित प्राचार्यों ने अपना और संस्थान का परिचय दिया। कार्यशाला के दौरान जिला एसपी आईपीएस भावना गुप्ता ने सभी उपस्थित प्राचार्यों को कार्यस्थल पर महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने तथा स्कूल कॉलेजों में छात्रों विशेषकर महिला छात्रों की सुरक्षा से जुडे प्रमुख सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों और नियमों की जानकारी दी गई।

एसपी भावना गुप्ता ने सर्वप्रथम सभी उपस्थित प्राचार्यों को अपने कर्मियों को जानने पर काम करने की सलाह दी जिसके तहत सभी स्कूल कॉलेजों में कार्यरत सफाईकर्मियों, सुरक्षा कर्मियों, वाहन चालक परिचालकों और अन्य शिक्षकों के पुलिस वेरिफिकेशन और आचरण के मूल्यांकन पर जोर देते हुए सभी प्राचार्यों और प्रभारियों को स्वयं रुचि लेकर वेरिफिकेशन करने निर्देशित किया।

परिसर को सुरक्षित रखें कार्यशाला में आगे पुलिस कप्तान ने स्कूल कॉलेज के परिसर को सुरक्षित रखने सबसे पहले बाउंड्री वॉल को दुरुस्त करवाने और स्कूल कॉलेज में आने जाने के प्रवेश द्वार निश्चित करने तथा परिसर में प्रवेश के लूप होल्स बंद करवाने निर्देशित किया गया।

एसपी भावना ने आगे कहा सीसीटीवी सबसे भरोसेमंद कर्मचारी सभी स्कूल कॉलेज के परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाना चाहिए जिनकी मॉनिटरिंग और एक्सेस हेतु कमिटी बनाई जाए। प्राचार्य परिसर के ब्लाइंड स्पॉट्स, प्रवेश द्वार और महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हांकित करते हुए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।

जीपीएम पुलिस के समाधान हेल्प लाइन नंबर 9479191792 के बारे में जानकारी देते हुए सभी प्राचार्यों को बताया गया कि इस नंबर की जानकारी सभी स्कूल कॉलेजों में नोटिस बोर्ड पर और दृष्टिगोचर स्थानों में गर्ल्स हॉस्टल्स में भी चस्पा करवाएं और सभी को इसके बारे में बताएं। एसपी ने सभी को बताया कि समाधान हेल्प लाइन नंबर जीपीएम पुलिस एसपी ऑफिस की डायरेक्ट मॉनिटरिंग में रहता है अतः कोई छात्रा अगर गोपनीय तरीके से किसी उत्पीड़न या शोषण की जानकारी देना चाहे तो यह सुविधा बहुत मददगार साबित होगी।

साइबर सुरक्षा, साइबर बुली और इंटरनेट यूज को लेकर भी जागरुकता लाने जीपीएम पुलिस के साइबर की पाठशाला कार्यक्रम को जानकारी दी गई साथ ही साइबर प्रहरी बन कर अपने आस पास के लोगों को फ्रॉड से सुरक्षित रखने पर भी चर्चा की गई।

स्कूल कॉलेज के बस पिकअप वाहनों के चालकों के अतिरिक्त आवश्यकतानुसार बस में महिला अटेंडेंट या शिक्षक की व्यवस्था करने तथा वाहनों के रूट चार्ट स्वयं मॉनिटर करते हुए छात्राओं को पहले छुड़वाने की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया।

नाबालिक छात्रों के वाहन चलाने, हेलमेट के उपयोग और तेज गति में वाहन न चलाने की अपील करते हुए स्कूलों से जुड़ी यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न के संबंध में नियमों की जानकारी देते हुए सभी संस्थानों में नियमानुसार आंतरिक शिकायत निवारण समिति का गठन करने निर्देशित किया गया।

समय समय पर अनुविभाग और थाना स्तर पर भी उपरोक्त निर्देशों के अनुरूप शिक्षा विभाग के प्राचार्य और अधिकारियों के साथ स्कूल्स और कालेजों के संयुक्त सुरक्षा ऑडिट करने का निर्णय लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button