खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी आज 9600 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ, ‘स्वच्छ भारत दिवस 2024’ कार्यक्रम में होंगे शामिल

पीएमओ ने बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी दो अक्तूबर को विज्ञान भवन में सुबह करीब 10 बजे 155वीं गांधी जयंती के दिन स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गांधी जयंती के दिन स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के 10 साल पूरे होने के अवसर पर राजधानी स्थित विज्ञान भवन में स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छता से संबंधित 9600 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को इस बारे में एक बयान जारी किया था। इसमें पीएमओ ने बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी दो अक्तूबर को विज्ञान भवन में सुबह करीब 10 बजे 155वीं गांधी जयंती के दिन स्वच्छ भारत दिवस 2024 कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इस दौरान अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) और अमृत 2.0 के तहत शहरी जल और सीवेज प्रणालियों को बढ़ाने के उद्देश्य से 6,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं, स्वच्छ गंगा के लिए राष्ट्रीय मिशन के तहत गंगा बेसिन क्षेत्रों में जल गुणवत्ता और अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार पर केंद्रित 1550 करोड़ रुपये से अधिक की 10 परियोजनाएं और गोबर धन योजना के तहत 1332 करोड़ रुपये से अधिक की 15 संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

पीएमओ ने कहा, स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम भारत की दशक भर की स्वच्छता उपलब्धियों और हाल ही में संपन्न स्वच्छता ही सेवा अभियान को प्रदर्शित करेगा। यह कार्यक्रम इस राष्ट्रीय प्रयास के अगले चरण के लिए मंच भी तैयार करेगा। बयान में कहा गया है कि स्वच्छता ही सेवा 2024 की थीम, ‘स्वाभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ ने एक बार फिर राष्ट्र को स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से एकजुट किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button