खास खबरफीचर्डविविध

भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरा और आखिरी टी20 मैच आज, क्लीन स्वीप का लक्ष्य लेकर उतरेगा भारत

टीम प्रबंधन ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर भी करीबी नजर रखेगा जिन्होंने दिल्ली में दूसरे टी20 मैच में 34 गेंद पर 74 रन की धमाकेदार पारी खेलने के अलावा दो विकेट भी लिए…

हैदराबाद (ए)। बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दो मैचों में जीत दर्ज कर चुकी भारतीय टीम की नजर अब तीसरे टी20 मैच पर है। आज शनिवार को यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस दौरान सूर्यकुमार यादव की सेना का लक्ष्य बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्वीप करना होगा। फिलहाल टीम इंडिया इस सीरीज में 2-0 से आगे है।

भारत ने अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देकर इस टी20 सीरीज में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जिन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर की रणनीति पर पूरी तरह से अमल करके जीत का जज्बा दिखाया। बांग्लादेश के खिलाफ ही कुछ दिन पहले कानपुर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने जिस तरह से परिणाम हासिल करने के लिए आक्रामक क्रिकेट खेली उससे टीम के नए दृष्टिकोण का पता चलता है। भारत ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीती थी। अब टीम 3-0 से टी20 सीरीज पर भी कब्जा जमाना चाहेगी।

अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन कुछ अच्छे विकल्प तैयार करने पर भी ध्यान दे रहा है। फिर चाहे वह तेज गेंदबाज मयंक यादव होंं या स्पिनर वरुण चक्रवर्ती, गंभीर उनके प्रदर्शन पर करीबी नजर रखे हुए हैं और इन खिलाड़ियों ने भी अभी तक अपने मुख्य कोच को निराश नहीं किया है। मयंक आईपीएल 2024 के बाद चोटिल होने के कारण अधिकतर मैचों में नहीं खेल पाए थे लेकिन इस सीरीज में उन्होंने 150 किलोमीटर की रफ्तार से गेंदबाजी करके अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश किया है। चक्रवर्ती ने ग्वालियर में पहले मैच में तीन विकेट लेकर तीन साल के बाद राष्ट्रीय टीम में सफल वापसी की है।
दूसरे मैच में नहीं चला सैमसन का बल्ला
टीम प्रबंधन ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर भी करीबी नजर रखेगा जिन्होंने दिल्ली में दूसरे टी20 मैच में 34 गेंद पर 74 रन की धमाकेदार पारी खेलने के अलावा दो विकेट भी लिए। इन सकारात्मक पहलुओं के बीच संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी का प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय होगा। सैमसन को पारी शुरू करने का मौका दिया गया लेकिन केरल का यह विकेटकीपर बल्लेबाज अभी तक इसका फायदा नहीं उठा पाया है। उन्होंने पहले मैच में 29 और दूसरे मैच में 10 रन बनाए।
बिश्नोई और हर्षित राणा को मिलेगा मौका?
सैमसन को अगर हैदराबाद मौका मिलता है तो उन्हें उसे हर हाल में भुनाना होगा क्योंकि टीम प्रबंधन टीम में शामिल दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को भी मौका दे सकता है। टीम प्रबंधन को दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिषेक से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी जो अभी तक पहले दो मैच में 15 और 16 रन ही बना पाए हैं। इसके अलावा भारतीय टीम प्रबंधन लेग स्पिनर रवि बिश्नोई और ऑलराउंडर हर्षित राणा को भी मौका देने पर विचार कर सकता है। जहां तक बांग्लादेश का सवाल है जो उसे अभी तक बल्लेबाजों ने काफी निराश किया है। उसे अगर वर्तमान दौरे में अपनी एकमात्र जीत हासिल करनी है तो कप्तान नजमुल हुसैन शंटो और लिटन दास जैसे सीनियर बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

आखिरी टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है…
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/जितेश शर्मा (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रियान पराग, नीतीश कुमार रेड्डी, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मयंक यादव और हर्षित राणा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button