खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पहली बार LIVE होगी देव दीपावली: पीएम मोदी भी देखेंगे ऑनलाइन, 7 शहीदों को देंगे भगीरथ शौर्य सम्मान

दीपों से जगमग होते घाट पर अप्रतिम व अविस्मरणीय मां गंगा की आरती पहली बार लोग वेबसाइट पर भी देख सकेंगे और प्रधानमंत्री व काशी के सांसद नरेंद्र मोदी भी दिल्ली से इसके साक्षी बनेंगे…

 

वाराणसी (ए)। अर्धचंद्राकार गंगा के तट पर देव आराधना के मुख्य पर्व देव दीपावली पर 15 नवंबर को विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा निहारने देश-विदेश से लोगों का हुजूम उमड़ेगा। दीपों से जगमग होते घाट पर अप्रतिम व अविस्मरणीय मां गंगा की आरती पहली बार लोग वेबसाइट पर भी देख सकेंगे और प्रधानमंत्री व काशी के सांसद नरेंद्र मोदी भी दिल्ली से इसके साक्षी बनेंगे।

गंगा सेवा निधि की ओर से पहली बार देव दीपावली वेबसाइट पर दिखाई जाएगी और वेबसाइट का शुभारंभ 15 नवंबर को ही होगा। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने मंगलवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। बताया कि यह पहली बार होगा जब वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश में बैठे लोग देव दीपावली देख सकेंगे। वेबसाइट gangasevanidhi.in का शुभारंभ भी उसी दिन होगा। इस साल शौर्य रजत जयंती मनाई जा रही है। गंगा आरती के दौरान ‘एक संकल्प गंगा किनारे’ के तहत मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने, पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए एक साथ लाखों लोगों को संकल्प दिलाया जाएगा।

प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय, पं. श्रीधर पांडेय व प्रमुख अर्चक आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 ब्राह्मण मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन करेंगे। 42 कन्याएं रिद्धि-सिद्धि के रूप में रहेंगी। इस दौरान श्रीराम जन्म योगी के शंखनाद व श्रीकाशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 स्वयंसेवक डमरुओं के निनाद से मां गंगा की आराधना करेंगे। उन्होंने बताया कि संस्था के संस्थापक पं. सत्येंद्र मिश्र की स्मृति में आकाशदीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वहीं, दशाश्वमेध घाट को बनारस के अलावा कोलकाता व गुवाहाटी के सजावटी फूलों से सजाया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान संस्था के संरक्षक इंदु शेखर शर्मा, सचिव हनुमान यादव, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, शिवम मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ये होंगे मुख्य अतिथि
गंगा सेवा निधि की ओर से देव दीपावली महोत्सव के मुख्य अतिथि एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद, भारतीय थल सेना लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता, श्रीआनंदम धाम ट्रस्ट वृंदावन के सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज, अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी के अलावा प्रदेश के मंत्री होंगे।

संगीत संध्या में ये लगाएंगे हाजिरी
सांस्कृतिक संध्या में भोजपुरी कलाकार मोहन राठौर नौ साथियों के साथ प्रस्तुति होगी। उपशास्त्रीय गायिका प्रोफेसर रेवती साकलकर इसके अलावा अन्य कलाकारों की प्रस्तुति होगी।

जवान देंगे गार्ड ऑफ ऑनर
39 जीटीसी के जवान लास्ट पोस्ट व गार्ड ऑफ ऑनर भी देंगे। वहीं, वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी, कमॉडिंग आरपीएफ (एनईआर), कमॉडिंग सीआईएसएफ, एयर ऑफिसर कमॉडिंग, 4 वायु सेना प्रवरण बोर्ड, 39 जीटीसी, वाराणसी डायेक्टर जनरल एनडीआरएफ सहित जवान अमर जवान ज्योति के समक्ष रिथ लेइंग के जरिए श्रद्धांजलि देंगे।

7 शहीदों को देंगे भगीरथ शौर्य सम्मान
देश के अमरवीर योद्धाओं की स्मृति में शहीद कर्नल एमएनराय, लेफ्टिनेंट कर्नल जेआर चिट्नीस, सुरेंद्रलाल श्रीवास्तव, विनोद कुमार यादव, रमेश यादव, रवि शर्मा, सोनू यादव को भगीरथ शौर्य सम्मान दिया जाएगा।

24 सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
भगवती मां गंगा की आरती के दौरान देश-विदेश आये लाखों श्रद्धालुओं को भारी संख्या में सुरक्षाबलों के साथ 24 सीसीटीवी से की जाएगी। हनुमान यादव व सुरजीत सिंह ने बताया कि भारत सेवाश्रम संघ के 100 स्वयंसेवक व सुरक्षा उपकरणों के साथ तैनात रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button