खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

कल रातभर बंद रहेगा कोलकाता का हावड़ा ब्रिज, चार दशक में पहली बार जांच करेंगे विशेषज्ञ

एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई है कि हावड़ा ब्रिज को रवींद्र सेतु के रूप में भी जाना जाता है। यह ब्रिज शनिवार रात 11.30 बजे से लेकर रविवार सुबह 4.30 बजे तक दोनों दिशाओं में पूरी तरह से बंद रहेगा…

 

कोलकाता (ए)। कोलकाता का प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज पर शनिवार मध्य रात्रि से रविवार सुबह तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसा 35 वर्षों में पहली बार हो रहा है जब वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाकर पुल की स्थिति की जांच की जाएगी। यह जांच श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट द्वारा की जाएगी और इसमें राइट्स नाम की विशेषज्ञों की एजेंसी का सहयोग लिया जा रहा है।

एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई है कि हावड़ा ब्रिज को रवींद्र सेतु के रूप में भी जाना जाता है। यह ब्रिज शनिवार रात 11.30 बजे से लेकर रविवार सुबह 4.30 बजे तक दोनों दिशाओं में पूरी तरह से बंद रहेगा। कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज को जांच के लिए अस्थायी रूप से इसलिए बंद किया जा रहा है, ताकि बिना बाधा के जांच की जा सके। इस दौरान यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि इस जांच के नतीजों के आधार पर ब्रिज के भविष्य के रखरखाव और संरक्षण की योजना बनाई जाएगी। यह ब्रिज कोलकाता की धरोहर और मजबूती का प्रतीक है। ब्रिज की यह जांच चार दशकों में पहली बार हो रही है। आखिरी बार 1983 और 1988 में ब्रिज की ऐसी ही व्यापक जांच की गई थी, जब इसने चालीस साल की सेवा पूरी की थी।

हावड़ा ब्रिज 1,500 फीट लंबा है और यह कोलकाता के लिए एक जीवन रेखा की तरह है। इससे रोजाना लाखों वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं। ब्रिज की चौड़ाई 71 फीट है और इसके दोनों किनारों पर 18.5 फीट चौड़े फुटपाथ भी हैं। ब्रिज के भार को सहन करने वाली प्रणाली में 78 हेंगर हैं, जो इसके वजन को नीचे की कंक्रीट डेक स्लैब्स पर स्थानांतरित करते हैं। ब्रिज पर अभी नियमित रखरखाव के कार्य किए जाते हैं। यह व्यापक जांच ब्रिज की दीर्घकालिक सुरक्षा और कार्यक्षमता को सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button