खास खबरफीचर्डविविध

अगर मगर के फेर में फंसी भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार से तालिका में तीसरे स्थान पर खिसका

भारत के खिलाफ जीत से ऑस्ट्रेलिया की टीम 60.71 की पीसीटी के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम 59.26 पीसीटी के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। भारतीय टीम 57.29 की पीसीटी के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है…

 

नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में मिली करारी हार से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भारी नुकसान हुआ है। पर्थ टेस्ट में मिली जीत से भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई थी, लेकिन एडिलेड में खेले गए दूसरे टेस्ट में टीम को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा जिससे वह डब्ल्यूटीसी की तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गया।

ऑस्ट्रेलिया ने पिछले मैच में मिली हार के बाद शानदार वापसी की और डे-नाइट टेस्ट में भारत को हराकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 180 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रन की बढ़त हासिल की। भारत की दूसरी पारी 175 रन पर समाप्त हुई और रोहित एंड कंपनी ने 18 रन की बढ़त हासिल की। 19 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार से डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ रोचक हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉडर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत से पहले भारत ने घरेलू जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज 0-3 से गंवाई थी। इसके बाद उसे सीधे डब्ल्यूटीसी के फाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया को 4-0 से हराना जरूरी था। पर्थ टेस्ट में मिली जीत से इसकी संभावनाएं भी बढ़ गई थी, लेकिन दूसरे ही मैच में मिली करारी हार ने सारे समीकरण पलट कर रख दिए। भारत फिलहाल फाइनल की दौड़ से बाहर है क्योंकि तालिका में शीर्ष दो पर रहने वाली टीमों के बीच ही खिताबी मुकाबला खेला जाता है। मौजूदा स्थिति में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका शीर्ष दो पर मौजूद हैं। भारत के लिए आगे की राह जरूर कठिन हो गई है, लेकिन ऐसा नहीं है कि वो पूरी तरह दौड़ से बाहर है।
भारत के खिलाफ जीत से ऑस्ट्रेलिया की टीम 60.71 की पीसीटी के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम 59.26 पीसीटी के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। भारतीय टीम 57.29 की पीसीटी के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है। भारत अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज 4-1 से जीत सकती है, अगर वो अगले तीन मैच में वापसी करने में सफल रही तो। भारतीय टीम अगर ऑस्ट्रेलिया में इस अंतर से सीरीज जीतने में सफल रही तो उसके शीर्ष दो में रहने के अवसर बने रहेंगे। हालांकि, अब भारतीय टीम को अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।

भारत के पास अभी दूसरी टीमों पर निर्भर रहने का मौका है, लेकिन वह सीरीज के अन्य मैच गंवाने का जोखिम नहीं ले सकती। भारत अगर अगले तीन मैचों में दो जीत और एक ड्रॉ कराने में सफल रहा तो उसकी पीसीटी 60.52 पहुंच जाएगी। अगर तीनों में भारत जीत दर्ज करने में सफल रहा तो 64.05 पीसीटी अंक हासिल कर लेगा। भारत के लिए यहां भी सफर आसान नहीं होगा क्योंकि उसे दक्षिण अफ्रीका के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। कुल मिलाकर भारत अब सीधे क्वालिफाई नहीं कर सकता है। अगर दक्षिण अफ्रीका श्रीलंका तथा पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले तीन मैच जीतने में सफल रहा तो उसकी संभावनाएं बढ़ जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button