देश-दुनियाफीचर्ड

मूंगफली बेचने वाला निकला ₹2000 के नोट बदलने वाले गिरोह का संचालक: पुलिस ने चार को धरदबोचा, दो लाख से अधिक के नोट बरामद

आरबीआई की तरफ से प्रचलन से हटाए गए 2,000 रुपये के नोटों को कमीशन पर बदलने वाले गिरोह की जांच कर रही नागपुर पुलिस तब हैरान रह गई जब एक मूंगफली बेचने वाले से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया…

 

नागपुर (ए)। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में पुलिस ने एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो कमीशन पर दो हजार रुपये के नोट बैंक से बदलने का करता था। इस मामले की जांच कर रही नागपुर पुलिस तब हैरान रह गई जब एक मूंगफली बेचने वाले से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों में से एक नंदलाल मौर्य संविधान स्क्वायर इलाके में एक ठेले पर मूंगफली और अन्य स्नैक्स बेचता है, जहां रिजर्व बैंक का कार्यालय और महाराष्ट्र विधान भवन भी मौजूद है।

मामले में एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपी नंदलाल मौर्य 2000 रुपये के नोट बदलने के लिए गरीब पुरुषों और महिलाओं को कमीशन पर रखता था। वे इन नोटों को कानूनी रूप से 500 रुपये के नोटों से बदलने के लिए आरबीआई को अपना आधार कार्ड विवरण प्रस्तुत करते थे। वहीं इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीन अन्य लोगों की पहचान रोहित बावने, किशोर बहोरिया और अनिल जैन के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के जबलपुर का रहने वाले हैं और माना जा रहा है कि वह इस अपराध का सरगना है।

बता दें कि, पिछले साल 19 मई को आरबीआई ने 2,000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की। एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई की कि अनिल जैन ने कई जगहों पर ‘ग्राहकों’ से 2,000 रुपये के नोट एकत्र करने के बाद नंदलाल मौर्य को रैकेट चलाने में शामिल किया। उन्होंने कहा, ‘अनिल जैन ने नंदलाल मौर्य को 2,000 रुपये के 10 नोटों को 500 रुपये के नोटों में बदलने के लिए 200 रुपये देने का वादा किया था।’

तीन आरोपियों के पास से दो लाख से ज्यादा नकद बरामद
नंदलाल मौर्य ने संविधान स्क्वायर पर मौजूद आरबीआई कार्यालय का दौरा किया और 2,000 रुपये के 10 नोटों को सफलतापूर्वक बदल दिया। बैंक में नोट बदलने की प्रक्रिया सीखने के बाद, उसने गरीब पुरुषों और महिलाओं को काम पर रखना शुरू कर दिया और उन्हें आरबीआई में बैंक नोट बदलने के लिए 300 रुपये हर दिन कमीशन देने की पेशकश की।

इस मामले में पुलिस ने शनिवार को नंदलाल मौर्य के घर पर छापा मारा और 500 रुपये के 120 नोटों समेत 60,000 रुपये नकद बरामद किए। वहीं पुलिस ने रोहित बावने के पास से 2,000 रुपये का एक नोट और 500 रुपये के 120 नोटों समेत 62,500 रुपये और किशोर बहोरिया के पास से 500 रुपये के 160 नोटों समेत 80,000 रुपये बरामद किए। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी अनिल जैन के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिसके पास कथित तौर पर बड़ी मात्रा में बंद हो चुके नोट थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button