छत्तीसगढ़फीचर्ड

सुपेला और खमतराई थाना क्षेत्र में सोने चांदी के जेवरातों की सफाई करने का झांसा देकर ठगी करने वाले 6 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। प्रार्थिया पी. सरोजनी ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह संतोषी नगर खमतराई में रहती है। दिनांक 08.02.2025 के करीबन 11.00 बजे प्रार्थिया घर के अंदर थी इसी दौरान गेट को खसका कर दो लोग घर के अंदर प्रवेश किये और बोले की टाईल्स, तांबा, पीतल, सोना एवं चांदी साफ करने का पावडर लेकर गुजरात से आये है। जिस पर प्रार्थिया द्वारा उन दोनो की जांच के लिये सर्वप्रथम तांबा का लोटा दिया गया तो उन्होने उसे साफ कर दिया तथा उसके बाद बोले कि चांदी और सोने का सामान भी ले आओ हम साफ कर देंगे तो चमक जायेगा और पैर के बीछिया को मांगने लगे, जिस पर प्रार्थिया द्वारा मना किया गया तो उन्होने प्रार्थिया द्वारा धारण किये गये सोने चांदी के जेवरातों में लाल पाउडर लगा दिया जिसके कारण प्रार्थिया के गला एवं हाथ जलने लगा तब उनके द्वारा बोला गया कि गला हाथ जल जायेगा जल्दी से गहना निकाल दो जिस पर प्रार्थिया द्वारा पहने हुए गहने को निकाल कर उनको दे दिया।

जिसके बाद उन्होने एक पत्थर निकाला तथा पत्थर को पानी कटारी में डाला और गहना को भी उसी में डुबा दिया तथा एक झिल्ली जिसमें सफेद पावडर था उस झिल्ली में सोने के सामान को डाला और स्टेपलर लगा कर बोला कि दस मिनट बाद खोलना चमक जायेगा ऐसा बोलकर वे लोग बाहर निकल गये। जिसके बाद प्रार्थिया के पित द्वारा स्टेपलर लगे झिल्ली को खोलकर देखा गया तो पाया कि उसमें प्लास्टिक का चूड़ी थी जिसके बाद उन्हें पकड़ने के लिये प्रार्थिया एवं उसके पति बाहर निकले तो देखे कि तीन मोटर सायकल में 05-06 लोग प्रार्थिया द्वारा धारण किये हुए गहने को साफ करने के नाम उनके साथ धोखाधड़ी कर वहा से फरार हो गये थे। जिस पर सभी आरोपियों के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 94/2025 धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

ठगी की घटना को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक उरला पूर्णिमा लामा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी खमतराई को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।

जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए घटना के संबंध में प्रार्थिया तथा उसके पति से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास के सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन कर आरोपियों को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जाने के साथ-साथ मुखबीर लगाकर भी प्रकरण में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी।

टीम के सदस्यो द्वारा आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देने हेतु जिन दोपहिया वाहनो का उपयोग आरोपियों द्वारा किया गया था उसके संबंध में जानकारी एकत्र करने के साथ-साथ प्रार्थिया तथा उसके पति से पूछताछ में पाया गया था कि आरोपियों द्वारा स्वयं को गुजरात से आना बताया गया था जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल के आस-पास के दायरे में आने वाले सभी होटलो एवं लॉज की भी जांच कर प्रकरण में संलिप्त अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे थे।

टीम के सदस्यो द्वारा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन का सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजो के अवलोकन दौरान आरोपियों को कुम्हारी टोल प्लाजा क्रॉस करते हुए पाया गया जिस पर टीम के सदस्यो द्वारा पतासाजी करने पर ज्ञात हुआ की अज्ञात आरोपियों द्वारा थाना खमतराई क्षेत्रांतर्गत घटना को अंजाम देने के 01 दिवस पूर्व भिलाई जिला दुर्ग के थाना सुपेला क्षेत्रांतर्गत भी 01 बुजुर्ग महिला के साथ सोने चांदी के जेवरात को साफ करने के नाम पर ठगी की घटना को अंजाम देकर रायपुर फरार हुए है।

इसी दौरान टीम के सदस्यों थाना खमतराई क्षेत्र कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के आने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। जिसपर टीम के सदस्यों द्वारा मुखबीर द्वारा बताये उक्त स्थान पर जाकर रेड कार्यवाही किया गया। रेड कार्यवाही के दौरान उक्त स्थान में 06 व्यक्ति उपस्थित पाये गये। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम अमरदीप शाह, अमित कुमार, मुकेश भगत, शिकेन्द्र शाह, विपिन कुमार एवं शम्भू शाह मूलतः निवासी बिहार का होना बताया।

प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर सभी से कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा उक्त घटना को अंजाम देने के साथ-साथ जिला दुर्ग भिलाई के थाना सुपेला में भी घटना को अंजाम देना बताया गया है। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 160/25 धारा 318(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

तरीका वारदात- प्रकरण में जांच के दौरान पाया गया कि आरोपियान बुजुर्ग महिलाओं को अपना शिकार बनाते है। वे सभी तांबा पीतल के बर्तनों के सफाई का झांसा देकर घर अंदर प्रवेश करते है तथा प्रार्थियों को अपने झांसे में लेकर उनसे पहने हुए एवं अन्य सोने चांदी के जेवर साफ करने हेतु मांगते है प्रार्थियो द्वारा उनके झांसे में आकर सफाई हेतु सोने चांदी के जेवर देने के उपरांत उनके द्वारा 01 सफेद पाउडर की झिल्ली में सोने चांदी के जेवरातों की जगह प्लास्टिक अथवा नकली समान रखकर, सभी आरेापियान सोने चांदी के जेवरातों को लेकर फरार हो जाते थे।

जिस पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी किये हुए सम्पूर्ण मशरूका सोने चांदी के जेवरात मंगल सूत्र, सोने का चैन, सोने के कंगन, सोने की अंगूठी तथा घटना में प्रयुक्त 03 नग दोपहिया वाहन, मोबाईल फोन एवं सफेद पाउडर जुमला कीमती लगभग 25,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है।

आरोपी शम्भू शाह के विरूद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलो के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी, अमानत में खयानत एवं चोरी का समान क्रय करने जैसे अपराध के आधा दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध है जिसमें आरोपी जेल निरूद्ध रह चुका है।

गिरफ्तार आरेापी- 01. अमरदीप शाह पिता दिनेश शाह उम्र 34 साल निवासी समेली थाना कुरशेला जिला कटिहार बिहार।

02. मुकेश भगत पिता रामोत्तर भगत उम्र 44 साल निवासी पंचगाछिया अभियाबाजार थाना गोपालपुर जिला भागलपुर बिहार।

03. शिकेन्द्र शाह पिता किशनलाल शाह उम्र 46 साल निवासी समोली थाना कुरशेला अयोध्या गंज बाजार जिला कटिहार बिहार।

04. विपिन कुमार पिता धनिक शाह उम्र 31 साल निवासी थाना रूपौली जिला पूर्णिया बिहार।

05. शम्भू शाह पिता स्व. मुकेश शाह उम्र 43 साल निवासी समोली कुरशेला जिला कटिहार बिहार।

06. अमित कुमार पिता राजकुमार उम्र 32 साल निवासी समोली अयोध्या गंज बाजार कुरशेला जिला कटिहार बिहार।

कार्यवाही में प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी खमतराई निरीक्षक सचिन सिंह, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से उनि सतीश कुमार पुरिया, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, रविकांत पाण्डेय, आर. अविनाश देवांगन, संदीप सिंह, हिमांशु राठौर, वीरेन्द्र बहादुर, प्रशांत शुक्ला, पुरूषोत्तम सिन्हा, विकास शर्मा, लालेश नायक तथा थाना खमतराई से सउनि रमेश यादव, जगदम्बा तिवारी, आर. प्रदीप यादव, सुमित की महत्वपूर्ण भूमिंका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button