खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

नन्ही मुस्कानों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मनाया अपना जन्मदिन, बालिका गृह के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपना जन्मदिन मनाने के लिए राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित शासकीय बालिका गृह पहुंचे। जब वे वहां पहुंचे, तो बच्चियों के चेहरे पर एक अलग ही चमक थी। अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर, बालिका गृह की बच्चियों खुशी देखने लायक थी। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन के मौके पर बालिका गृह पहुंचकर यह संदेश दिया कि समाज के हर वर्ग को खुशियों में शामिल करना ही सच्ची संवेदनशीलता और नेतृत्व की पहचान है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चियों के संग केक काटा और उनके साथ समय बिताया। बच्चों की मासूम बातों और खिलखिलाहटों के बीच जन्मदिवस का माहौल और भी भावनात्मक हो गया। बच्चियों ने मुख्यमंत्री से अपनी छोटी-छोटी इच्छाएं साझा कीं, जिनमें एक साउंड बॉक्स की मांग भी थी, जिसे उन्होंने तुरंत पूरा करते हुए बालिका गृह को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बालिका गृह में कम्प्यूटर एवं वॉटर कूलर के लिए 10 लाख रूपए दिए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बच्चियों से अपने स्कूली जीवन की कई यादें साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया उनके गांव का प्रायमरी स्कूल, जहां वे पढ़ते थे, वह खपरेल वाला था और बारिश के दिनों में पानी टपकता था। उन्होंने कहा कि आप सब को पक्का छात्रावास मिला है। यहां अच्छी सुविधाएं और अध्ययन-अध्यापन का अच्छा वातावरण है। उन्होंने इस मौके पर बालिकाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपना बेहतर कैरियर बनाने की समझाईश दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश-दुनिया की कई महापुरूषों के संघर्षमय बचपन के बारे में बताया और कहा कि अपनी मेहनत और शिक्षा के बदौलत वे शिखर पर पहुंचे।

इस बालिका गृह में फिलहाल 57 बालिकाएं रह रही हैं, जहां उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निशुल्क आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, खम्हारडीह वार्ड क्रमांक 31 पार्षद पुष्पा रोहित साहू सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button