दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

अंतर जिला पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का हुआ समापन, दुर्ग पुलिस के जवानों ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब किया अपने नाम

भिलाई। सोमवार को अंतर जिला पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता- 2025 का समापन प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई के परेड ग्राउंड में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज, दुर्ग एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष जितेन्द्र शुक्ला, पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग थे।

प्रतियोगिता का आयोजन 06.03.2025 से 10.03.2025 तक जिला-दुर्ग के विभिन्न स्थलों पर किया गया, जिसमें दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों के करीब 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेलों में फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बॉक्सिंग, जूडो, वुशू एवं एथलेटिक्स एवं अन्य खेल शामिल थे।

समापन समारोह में अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), जिला-दुर्ग ने मुख्य अतिथियों का कैप एवं बैच लगाकर स्वागत किया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से अनुशासन, समर्पण एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए अन्य खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेलकूद शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक है।

एथलेटिक्स और टीम गेम्स के विजेताओं को स्वर्ण एवं रजत पदकों से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में दुर्ग जिले ने 30 गोल्ड एवं 29 सिल्वर मेडल जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक, दुर्ग एवं आयोजन समिति की खिलाड़ियों ने सराहना की। समापन समारोह का संचालन ममता ध्रुव द्वारा किया गया एवं अंत में सत्यप्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक, भिलाई नगर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रामकृष्ण साहू (पुलिस अधीक्षक, बेमेतरा), सूरजन राम भगत (पुलिस अधीक्षक, बालोद), राजेश कुकरेजा (सेनानी, प्रथम वाहिनी छसबल, भिलाई), गायत्री सिंह (सेनानी, 7वीं वाहिनी, छसबल भिलाई), चिराग जैन (भा.पु. से.) (नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग) सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button