कोलकाता के ईडेन गार्डंस में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 200 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद 16.4 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह केकेआर ने यह मुकाबला 80 रन से जीत लिया…
कोलकाता (ए)। वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 120 पर रोककर 80 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह हैदराबाद की आईपीएल में सबसे बड़ी हार है। गुरुवार को कोलकाता के ईडेन गार्डंस में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 200 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद 16.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। इस तरह केकेआर ने एक बार फिर हैदराबाद को पटखनी दी। इससे पहले कोलकाता ने हैदराबाद को हराकर आईपीएल 2024 का खिताब जीता था।
पैट कमिंस के नेतृत्व वाली टीम ने इस सत्र की शुरुआत जीत के साथ की थी। उन्होंने अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स को 44 रन से हराया था। इसके बाद उन्हें लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता से मिली हार के बाद सनराइजर्स अंक तालिका में 10वें पायदान पर पहुंच गई। उनका नेट रन रेट -1.612 हो गया। वहीं, केकेआर चार मैचों में दो जीत के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई। उनके खाते में चार अंक और नेट रन रेट 0.070 का हो गया है।
हार का अंतर | विपक्षी टीम | स्थान | वर्ष |
---|---|---|---|
80 रन | कोलकाता नाइट राइडर्स | कोलकाता | 2025* |
78 रन | चेन्नई सुपर किंग्स | चेन्नई | 2024 |
77 रन | चेन्नई सुपर किंग्स | हैदराबाद | 2013 |
72 रन | राजस्थान रॉयल्स | हैदराबाद | 2023 |
72 रन | पंजाब किंग्स | शारजाह | 2014 |