खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

लखनऊ में गरीब रथ ट्रेन को पलटने की साजिश नाकाम, रेलवे ट्रैक पर रखा था लकड़ी का गुटका

लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में गरीब रथ एक्सप्रेस को पलटने की साजिश रेलवे कर्मियों की सतर्कता की वजह से नाकाम हो गई। बता दें कि अराजक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का गुटका रखा था, लेकिन ट्रेन को लोको पायलट ने समय पर रोक लिया…

 

 

लखनऊ (ए)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्थित रहीमाबाद क्षेत्र में गरीब रथ एक्सप्रेस को पलटने की साजिश को रेलवे कर्मियों और चालक की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। दिलावर नगर और रहीमाबाद के बीच रेलवे ट्रैक पर अराजक तत्वों ने ढाई फीट लंबा और छह इंच मोटा लकड़ी का गुटका रखा था, जिससे ट्रेन के इंजन के टकराने पर तेज आवाज हुई। चालक ने तुरंत ट्रेन रोककर रहीमाबाद स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे कर्मी की तहरीर पर रहीमाबाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। RPF और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना सुबह करीब 2:43 बजे की है, जब सहरसा-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस (05577) लखनऊ की ओर जा रही थी। दिलावर नगर और रहीमाबाद के बीच खंभा नंबर 11099/11 के पास अपलाइन की दोनों पटरियों के बीच ढाई फीट लंबा, छह इंच मोटा सूखा लकड़ी का गुटका और कुछ हरे पेड़ की डालियां रखी मिलीं।

इन पर एक पीला गमछा ढका हुआ था, जिस पर राम नाम लिखा था। इसके अलावा, खंभा नंबर 11099/12 के पास कुछ आम की डालियां भी रखी थीं। ट्रेन के चालक ने लकड़ी से टकराने की सूचना रहीमाबाद स्टेशन मास्टर ओम प्रकाश को दी।

स्टेशन मास्टर की सूचना पर गैंगमैन राजेश रंजन मौके पर पहुंचे और ट्रैक पर रखे गुटके, डालियों और गमछे को हटाकर रेलवे लाइन को साफ किया। आरपीएफ इंस्पेक्टर हुकुम सिंह और राजेश रंजन ने रहीमाबाद थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस ने बताया कि रेलवे कर्मी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरपीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम हर एंगल से घटना की गहन जांच कर रही है। पुलिस ट्रैक पर मिली चीजों की फॉरेंसिक जांच भी कराएगी। वहीं, CCTV फुटेज खंगाल कर संदिग्ध चेहरों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button