फीचर्डविविध

डेब्यू मैच में ही ईशान किशन के बल्ले ने बना दिया स्पेशल रिकॉर्ड, विराट कोहली-रोहित शर्मा भी रहे हैं इससे दूर

नईदिल्ली (ए)। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में वापसी करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की। टीम को इंग्लैंड से 165 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मैच में भारतीय पारी के दौरान नई सलामी जोड़ी देखने को मिली, जब केएल राहुल संग डेब्यू मैच खेल रहे ईशान किशन बल्लेबाजी करने के लिए आए। उन्होंने अपने इस मैच को यादगार बनाते हुए जोरदार फिफ्टी जड़ी। किशन इस पारी में 32 गेंदों पर 56 रन बनाकर एक खास क्लब में शामिल हो गए। यह ऐसा क्लब है जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज भी नहीं शामिल हो सके हैं।

शिखर धवन की जगह ओपनिंग में उतारे गए बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज किशन ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए अपने डेब्यू टी-20 मैच में फिफ्टी बनाने की उपलब्धि हासिल कर ली। किशन यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे के नाम था, जिन्होंने 2011 में मैनचेस्टर में खेले गए टी-20 मैच में 61 रनों की पारी खेली थी। किशन ने 32 गेंदों पर 56 रन की आकर्षक पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। किशन ने छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया। किशन और कप्तान विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए नौ ओवर में 94 रन की बेहतरीन साझेदारी की। किशन इस साझेदारी में अपने कप्तान से आगे रहे। किशन को लेग स्पिनर आदिल राशिद ने एलबीडब्ल्यू आउट  किया। इससे पहले इंग्लैंड ने जेसन रॉय के 46 रनों की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 164 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। डेविड मलान ने 24, जानी बेयरस्टो ने 20, कप्तान इयोन मोर्गन ने 28 और बेन स्टोक्स ने 24 रन का योगदान दिया। जोस बटलर खाता खोले बिना आउट हुए। भारत की तरफ से वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला।

Related Articles

Back to top button