खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी ने कहा- पूरा देश हमारी ओर देख रहा था, हमें हमारी सेना पर गर्व है

भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक कर दी। इसके बाद सेना और सरकार ने प्रेस ब्रीफिंग के जरिए पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीसीएस और केंद्रीय कैबिनेट की बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना की जमकर तारीफ की…

 

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। दरअसल, भारतीय सशस्त्र बलों ने देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। इस दौरान नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री ने केंद्रीय कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता की।

पहलगाम आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक की. इस ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पीएम मोदी ने कैबिनेट मंत्रियों को जानकारी देते हुए सेना की तारीफ की। ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह देश के लिए गर्व का पल है. इस सफल ऑपरेशन के लिए कैबिनेट मंत्रियों ने पीएम मोदी को बधाई दी।

करीब चार मिनट तक ऑपरेशन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया. इस बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि ये तो होना ही था. पूरा देश हमारी ओर देख रहा था. हमें हमारी सेना पर गर्व है. इस पर कैबिनेट के सभी सदस्यों ने मेजें थपथपाकर कार्रवाई का स्वागत किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के बारे में कैबिनेट को सूचित किया गया। इसके बाद पूरी कैबिनेट ने मेज थपथपाकर कार्रवाई और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। ऐसा माना जा रहा है कि पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस रखेगी। प्रधानमंत्री ने रक्षा मंत्री और एनएसए अजीत डोभाल से भी अलग से मुलाकात की और मौजूदा हालात का जायजा लिया।

इससे पहले पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है। प्रधानमंत्री ने इससे पहले पहलगाम हमले के मद्देनजर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लक्ष्यों, तरीके और समय पर निर्णय लेने के लिए सशस्त्र बलों को पूरी स्वतंत्रता दी थी। पहलगाम आतंकी हमले में 26 नागरिक मारे गए थे।

इस बीच प्रधानमंत्री मोदी की नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड की यात्रा स्थगित कर दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूरोप की तीन देशों की यात्रा रद्द कर दी गई है। मोदी 13 से 17 मई तक क्रोएशिया, नॉर्वे और नीदरलैंड की यात्रा करने वाले थे। प्रधानमंत्री को नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नॉर्वे जाना था। संबंधित देशों को इस निर्णय के बारे में सूचित कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button