खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

जब प्रधानमंत्री मोदी ने कॉल कर पूछा- हम हिंदी में बात करें कि मराठी में?

वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के लिए नामित किया है। इस पर निकम ने खुशी जताई और बताया कि उन्हें खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने फोन कर मराठी में यह सूचना दी। 26/11 केस समेत कई अहम मुकदमों में भूमिका निभा चुके निकम ने भरोसा दिलाया कि वे पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे…

 

 

 

नईदिल्ली (ए)। देश के चर्चित और वरिष्ठ विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) उज्ज्वल निकम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के लिए नामित किया है। इस अवसर पर निकम ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक फोन कॉल में दी, जो मराठी भाषा में हुई बातचीत के साथ बेहद आत्मीय रही।

उज्ज्वल निकम ने बताया कि जब प्रधानमंत्री का कॉल आया, तो उन्होंने पूछा कि बातचीत हिंदी में करें या मराठी में। इस पर दोनों हंस पड़े। फिर प्रधानमंत्री ने मराठी में बात करते हुए बताया कि राष्ट्रपति उन्हें राज्यसभा की जिम्मेदारी देना चाहती हैं। निकम ने तुरंत हामी भर दी और इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।

निकम ने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार के समय जब उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हुई थी, तभी पीएम ने उनके प्रति विश्वास जताया था। उन्होंने बताया कि उस मुलाकात के बाद अब राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किया जाना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने इसे न सिर्फ व्यक्तिगत सम्मान बताया, बल्कि देश की न्याय व्यवस्था और कानूनी पेशे का सम्मान भी कहा।

वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि वे एक सफल वकील होने के साथ-साथ संविधान और कानून के क्षेत्र में अपनी निष्ठा व न्यायप्रियता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने न्याय व्यवस्था को मजबूती देने और नागरिकों को गरिमा के साथ न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला की भूमिका को प्रधानमंत्री ने विदेश नीति, कूटनीति और रणनीतिक सोच के क्षेत्र में सराहनीय बताया। उन्होंने लिखा कि श्रृंगला ने भारत की जी20 अध्यक्षता में भी अहम योगदान दिया है और उनका अनुभव संसद की कार्यवाही को नई दिशा देगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारों हस्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चारों नामित सदस्यों के बारे में व्यक्तिगत रूप से पोस्ट करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी।

चारों मनोनीत सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहचान रखते हैं और अब वे राज्यसभा के माध्यम से देश की विधायी प्रक्रिया को और अधिक समृद्ध बनाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button