दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

IG रामगोपाल गर्ग ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र रेलवे सुरक्षा हेतु ली उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक

भिलाई। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के परिप्रेक्ष्य में रेलवे स्टेशन परिसरों की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने हेतु आज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, दुर्ग रेंज के सभागार कक्ष में एक उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधों की रोकथाम, और उभरती चुनौतियों के प्रति त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया विकसित करना रहा।

बैठक में प्रमुख रूप से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, कमांडेंट आर.पी.एफ. रमन कुमार, पुलिस अधीक्षक, जीआरपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, एवं पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल (ऑनलाइन माध्यम से) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रेलवे सुरक्षा, यात्रियों का विश्वास है। अपराध पर नियंत्रण और स्टेशन परिसर को सुरक्षित बनाना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से ही हम इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।”

उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्म के अतिरिक्त क्षेत्रों, प्रवेश व निकास द्वार, पुलों एवं पार्किंग स्थलों पर भी और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मीटिंग में पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन (PPT) के माध्यम से रेलवे से जुड़ी विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों का विश्लेषण प्रस्तुत किया और कई व्यवहारिक सुझाव दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मानव व मादक पदार्थ तस्करी को रोकने के लिए विशेष संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही अपराधियों द्वारा घटना के बाद रेलवे मार्ग से फरार होने की घटनाओं का विश्लेषण कर प्रभावी निगरानी व नियंत्रण की रणनीति बनाई जाएगी। स्टेशन परिसरों में फ्री वाई-फाई नेटवर्क का दुरुपयोग रोकने हेतु साइबर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक में डीएसपी पनिक राम कुजूर, डीएसपी शिल्पा साहू, प्रभारी आर.पी.एफ. दुर्ग श्री मनीष कुमार, प्रभारी आर.पी.एफ. भिलाई-3 संजीव कुमार सिन्हा, उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय, प्रभारी जीआरपी बालोद टी.एस. ध्रुव, उप निरीक्षक राजकुमार प्रधान, स.उ.नि. हेमंत कुमार त्रिपाठी, एवं पुलिस पी.आर.ओ. प्रशांत कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारीगण भी बैठक में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button