खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भारत पहली बार वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 की करेगा मेजबानी, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

पुरुष, महिला और मिक्स श्रेणी में कुल 186 पदक मुकाबले होंगे। आयोजन समिति के अनुसार, यह टूर्नामेंट न केवल बेहतरीन पैरा-एथलीटों को एक साथ लाएगा बल्कि साहस और समावेशिता की अनोखी मिसाल भी पेश करेगा…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत पहली बार वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 की मेजबानी करने जा रहा है। यह देश में अब तक आयोजित होने वाला सबसे बड़ा पैरा-खेल आयोजन होगा, जिसमें 104 देशों से 2,500 से अधिक पैरा-एथलीट और सपोर्ट स्टाफ हिस्सा लेंगे। यह चैम्पियनशिप 27 सितंबर से 5 अक्टूबर 2025 तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी।

इस दौरान पुरुष, महिला और मिक्स श्रेणी में कुल 186 पदक मुकाबले होंगे। आयोजन समिति के अनुसार, यह टूर्नामेंट न केवल बेहतरीन पैरा-एथलीटों को एक साथ लाएगा बल्कि साहस और समावेशिता की अनोखी मिसाल भी पेश करेगा।

पैरा ओलंपिक समिति की प्रमुख संरक्षक (चीफ पैट्रन) वनाति श्रीनिवासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें चैम्पियनशिप के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। पीएम मोदी ने भारत की पैरा-खेल दृष्टि का समर्थन करते हुए इस आयोजन को खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। इस प्रतियोगिता में अमेरिका, जर्मनी, इंग्लैंड, कनाडा, ब्राजील, फ्रांस, स्पेन, जापान, मैक्सिको, तुर्की, पोलैंड, ऑस्ट्रेलिया और चीन समेत कई देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।

दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम इस आयोजन के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं और उन्नत दिव्यांग-अनुकूल (एक्सेसिबल) व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया गया है, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया और दर्शकों को बेहतर और समावेशी माहौल मिल सके।

वनाति श्रीनिवासन ने कहा, “नई दिल्ली में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी केवल खेल तक सीमित नहीं है। यह पैरा-एथलीटों की अदम्य शक्ति और साहस को सामने लाने का अवसर है। यह आयोजन लाखों लोगों को प्रेरित करेगा, भारत की आयोजन क्षमता को दुनिया के सामने रखेगा और भविष्य के कई चैंपियनों के सपनों को पंख देगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button