दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कलेक्टर एवं एसएसपी ने किया विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दुर्ग। दुर्ग नगर में स्थापित छोटे-बड़े सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पुलगांव-अंजोरा मार्ग स्थित शिवनाथ नदी के पुल विसर्जन स्थल पर किया जाएगा। इसी क्रम में आज कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को बेहतर व्यवस्थाओं हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन नदी के छोटे पुल के मध्य क्रेन के माध्यम से किया जाएगा। वहीं छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन अंजोरा साइड पर बनाए गए विशेष विसर्जन स्थल पर होगा।

इसके लिए प्रतिमाओं को बड़े पुल से होकर ले जाया जाएगा तथा पुल के अंतिम छोर पर बने मार्ग से नदी में उतारकर विसर्जन किया जाएगा। दोनों ही विसर्जन स्थलों पर क्रेन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ ही प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।

भीड़ प्रबंधन व यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मिनीमाता चौक से अंजोरा बायपास तक केवल विसर्जन वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अन्य वाहन दुर्ग-अंजोरा बायपास मार्ग का उपयोग करेंगे। जनसामान्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी द्वारा शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर दोनों ओर 60 फीट की अस्थायी रेलिंग लगाई जाएगी, ताकि आने-जाने वाले लोग सुरक्षित एवं सतर्क रह सकें।

निरीक्षण के दौरान एडीएम अभिषेक अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम दुर्ग सुमित अग्रवाल, एसडीएम दुर्ग हरवंश मिरी, एसडीएम भिलाई हितेश पिस्दा, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, तहसीलदार प्रफुल गुप्ता, ईई सीएसपीडीएल रवि दानी, एएसपी सुखनंदन राठौर सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button