देश-दुनियाफीचर्ड

सवारियों से भरी बस में लगी भीषण आग, 12 यात्रियों की मौत, राष्ट्रपति ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा, आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं…

 

कुरनूल (ए)। आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद से बंगलूरू जा रही सवारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार कावेरी ट्रैवल्स की एक बस में कुरनूल के उपनगर चिन्नातेकुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर आग लग गई। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शोक जताया और मदद का आश्वासन दिया। कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने बताया,  लगभग 19 यात्री, दो बच्चे और दो ड्राइवर दुर्घटना में बच गए है।

पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और कुछ ही मिनटों में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस ने आगे बताया कि अधिकतर बचे लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच थी। मृतकों में बाइक सवार भी शामिल हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा, आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे के बाद शोक जताते हुए कहा, कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुर गांव के पास हुई भीषण बस आग दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। सरकारी अधिकारी घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री के बेटे, टीडीपी महासचिव और राज्य सरकार के मंत्री नारा लोकेश ने भी इस हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा, ‘कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुर गांव के पास हुए भीषण बस अग्निकांड की खबर हृदयविदारक है। मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा शुक्रवार तड़के का बताया जा रहा है। आग में कई लोगों के जिंदा जलने की खबर है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 39 लोग सवार थे। वहीं 12 लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि 20 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है।

बस के बाइक से टकराने के बाद लगी आग
रिपोर्ट्स के मुताबिक हैदराबाद से जा रही बस कुरनूल शहर के बाहरी इलाके में उलिंडाकोंडा के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक दोपहिया वाहन से टकरा गई। बाइक बस के नीचे जा घुसी और ईंधन टैंक से टकरा गई, जिससे आग लग गई और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

घायलों को कुरनूल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे के बाद गहरी नींद में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जबकि कई लोगों के आग में फंसने की भी खबर सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को कुरनूल जनरल अस्पताल ले जाया गया। पूरी बस पूरी तरह जल गई। बताया जा रहा है कि ज्यादातर यात्री हैदराबाद शहर के थे। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर फरार हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button