खास खबरफीचर्डविविध

गुवाहाटी टेस्ट में भारत की शर्मनाक बल्लेबाजी पर भड़के फैंस: गंभीर को हटाने की मांग, अगरकर भी निशाने पर

भारतीय टीम गुवाहाटी में फॉलोऑन बचाने के लिए जूझ रही है। टीम की बल्लेबाजी पहली पारी में खराब रही है। 95 पर एक विकेट के स्कोर के बाद टीम ने 122 रन तक आते-आते सात विकेट गंवा दिए…

 

गुवाहाटी (ए)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। मैच में भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 201 रन ही बना सकी और दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 288 रन आगे है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 489 रन बनाए थे। टीम इंडिया फॉलोऑन भी नहीं बचा सकी। फॉलोऑन बचाने के लिए उसे 289 रन बनाने थे। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को फॉलोऑन नहीं खिलाते हुए खुद फिर से बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। भारतीय टीम की इस खराब बल्लेबाजी के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा है। बड़ी संख्या में लोग कोच गौतम गंभीर को हटाने की मांग कर रहे हैं। कई फैंस का कहना है कि गंभीर टीम में ऐसे खिलाड़ियों को शामिल कर रहे हैं जिन्हें घरेलू क्रिकेट में पर्याप्त अनुभव नहीं है।

भारत की ओर से पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 58 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। केएल राहुल 22, साई सुदर्शन 15, ऋषभ पंत सात, रवींद्र जडेजा छह और नीतीश रेड्डी 10 रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव जुरेल बिना रन बनाए लौट गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से यानसेन ने चार विकेट, हार्मर ने दो और महाराज ने एक विकेट हासिल किया। भारत का स्कोर एक वक्त 95 रन पर एक विकेट था। इसके बाद टीम ने 122 रन तक आते-आते छह और विकेट गंवा दिए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने कुलदीप यादव के साथ आठवें विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी निभाई। सुंदर 48 रन बनाकर आउट हुए।

एक फैन ने लिखा, ‘आईपीएल में खेलने वालों को जगह मिली है, रणजी के मेहनती खिलाड़ियों को नहीं। नतीजा सामने है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘गंभीर को तुरंत हटाओ, वरना यह टीम और शर्मिंदा करेगी।’ कुछ फैंस ने तो यह तक लिखा कि अब भारत अपने घर में भी किसी से जीत की उम्मीद नहीं कर सकता। शरत नाम के फैन ने लिखा, ‘अब वेस्टइंडीज के अलावा, हर टीम भारत को भारत में टेस्ट मैचों में हरा सकती है। हम श्रीलंका में भी एक और टेस्ट सीरीज हार सकते हैं। इसमें कोई शक नहीं। बांग्लादेश भी भारत को भारत में हरा सकता है। गंभीर और अगरकर का शुक्रिया।’

वहीं, तवीन सेठी नाम के फैन ने लिखा, ‘बिल्कुल। 100 प्रतिशत मैं चाहता था कि जब भारत को न्यूजीलैंड ने भारत में हरा दिया था, तो गंभीर को टेस्ट मैचों से बर्खास्त कर दिया जाए। मैंने अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन देखा है।’ कुशा शर्मा नाम की यूजर ने लिखा, ‘कोच गौतम गंभीर को हटाओ और देखो कि कैसे यह टीम फिर से घरेलू टेस्ट जीतना शुरू कर देती है। गंभीर असली दोषी हैं। अगर जरा भी शर्म बची है तो उन्हें टेस्ट मैच के बीच में ही बर्खास्त कर दो।’ साईराज विचारे नाम के यूजर ने लिखा, ‘बहुत दिनों से ट्वीट नहीं किया!! लेकिन ये तो बेवकूफी से भी ज्यादा है। गंभीर को बर्खास्त करो।

भारत पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रहा है। पहले जहां भारतीय टीम घरेलू पिचों पर अजेय मानी जाती थी, वहीं अब लगातार लड़खड़ाती नजर आ रही है। टीम चयन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि अनुभवी खिलाड़ियों को नजरअंदाज कर कम अनुभवी खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है। भारत को पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। अब टेस्ट चैंपियनशिप के सामने भी बुरा हाल है।

आगे क्या?
मैच अभी जारी है। अगर भारत यह टेस्ट हारता है तो कोचिंग स्टाफ, चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट पर और भी बड़ा सवाल खड़ा होगा। ड्रॉ पर भी भारत यह टेस्ट सीरीज हार जाएगा। उसके पास जीत ही एकमात्र विकल्प है। फिलहाल दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर बड़ी बढ़त हासिल है और अब गलती भारतीय टीम को ले डूबेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button