दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का जारी रहेगा उपवास: समर्थन करने उनकी मां भी पहुंची, बढ़ाया हौसला

भिलाई। भिलाई स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों और अधिकारियों के हक की लड़ाई विधायक देवेंद्र यादव लड़ रहे हैं। उनके दो दिवसीय उपवास आंदोलन को सभी ट्रेड यूनियन का समर्थन मिला। विधायक देवेंद्र यादव का समर्थन करने उनकी मां स्वयं उपवास स्थल पर पहुंची। जिसे देखकर देवेंद्र यादव भावुक हो गए। देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया कि “भिलाई सत्याग्रह दूसरा दिवस। माँ आई आज हौसला बढ़ाने… मेरे लिए भावनात्मक क्षण था, माँ आई बोली बेटा मैं रात में आई थी तुम्हें देखा सोते हुए फिर चली गई…माँ ने कहा भिलाई हमारा परिवार है और इस परिवार के लिए बेटा जो कर सकते हो करो, मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है।”

सरकार और सेल प्रबंधन की नीतियों, रिटेंशन स्कीम, निजीकरण, सेक्टर 9 हॉस्पिटल, आवास, न्यूनतम वेतन, बकाया 39 माह का एरियर, बोनस आदि विषयों को लेकर विधायक का आंदोलन जारी है।

बीएसपी कर्मचारियों और भिलाई के रहवासियों की आवाज को केंद्र सरकार की नीतियों का सहारा लेकर दबाने का आरोप है। इसीलिए विधायक ने खुद मोर्चा खोल दिया है। आंदोलन को बीच में छोड़ने का मन नहीं है। मंजिल तक पहुंचाने के लिए दम भरा गया है।

विधायक देवेंद्र यादव के समर्थन में बीएसपी की पूर्व मान्यता प्राप्त यूनियन इंटक के महासचिव एवं एनजेसीएस सदस्य वंश बहादुर सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कहा-केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों से सेल प्रबंधन का मनोबल बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।

विधायक देवेंद्र यादव ने कर्मचारियों के हक की आवाज को उठाया है। इसलिए इंटक यूनियन पूरा समर्थन करती है। आंदोलन को आगे भी रखने की जरूरत पड़ी तो यूनियन साथ रहेगी।

पूर्व मान्यता प्राप्त यूनियन सीटू के उपाध्यक्ष डीवीएस रेड्डी ने भी केंद्र सरकार को कोसा। उन्होंने कहा-मोदी सरकार हिटलर को फॉलो करती है। यही वजह है कि नवफांसीवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार झांसेबाजी से वोट हासिल करती है और जनता को उनके हक से वंचित कर रही है।

जिस तरह के हिटलर ने गुड डे कम का नारा दिया था, उसी नारे को अच्छे दिन के रूप में मोदी सरकार लेकर आई थी। आज सेल के कर्मचारी त्रस्त हो चुके हैं। भिलाई की बसाहट को बर्बाद करने का खेल जा रहा है। इसे किसी कीमत पर भी स्वीकार नहीं किया जा सकता है। हम सबको अपने हक की लड़ाई खुद लड़नी है। परिवार सहित बाहर आना होगा। भिलाई के सत्याग्रह में लाई हुई भीड़ नहीं है, आई हुई भीड़ है।

विधायक देवेंद्र यादव के सत्याग्रह को समर्थन देने पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, आरएन वर्मा, लालचंद वर्मा, राजेंद्र सिंह परगनिहा, योगेश सोनी, टी. जोगा राव, लक्ष्मीपति राजू, श्याम लाल साहू, जय प्रकाश नायर ,संजय साहू इंटक ठेका श्रमिक
फौजी अरुण सिसोदिया, अतुल श्रीवास्तव लक्ष्मीपति राजू, शीजू एंथनी, गुड्डू खान, भोलू श्रीवास्तव, मनोज पांडे,अली हुसैन सिद्दीकी,साकेत चंद्राकर, एकांश बंछोर,आदित्य सिंह, सुमित पावर, आशीष यादव,, शरद मिश्र ,हरीश सिंह आदि मौजूद रहे। खास बात यह है कि अलग-अलग क्षेत्र से महिलाओं का जत्था भी पहुंच रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button